शहडोल। सोशल मीडिया पर फर्जी पहचान बनाकर आलीशान जिंदगी का दिखावा करने वाले एक युवक का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। ग्वालियर का रहने वाला युवक खुद को अमीर और रसूखदार बताकर एक कॉलेज छात्रा के संपर्क में आया और बाद में उसे अपने साथ लेकर फरार हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रा को मुरैना से सकुशल बरामद कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी युवक पुट्टी-पुताई का काम करता है। उसने सोशल मीडिया पर फर्जी नाम से प्रोफाइल बनाई थी और जिन आलीशान मकानों में काम करता था, उन्हीं की तस्वीरें और वीडियो पोस्ट कर खुद को करोड़पति बताता था। इसी दिखावटी जीवनशैली से प्रभावित होकर छात्रा उसके संपर्क में आ गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से ग्वालियर से शहडोल पहुंचा और छात्रा को अपने साथ ले गया। युवती के लापता होने पर परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस और साइबर सेल की टीम जांच में जुट गई।
मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने मुरैना जिले में दबिश देकर छात्रा को सुरक्षित बरामद कर लिया। हालांकि आरोपी पुलिस के पहुंचने से पहले फरार हो गया।
पुलिस का कहना है कि युवती के न्यायालय में बयान दर्ज कराए जाएंगे, जिसके बाद आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों, खासकर युवाओं से सोशल मीडिया पर फर्जी प्रोफाइल और दिखावटी लाइफस्टाइल से सतर्क रहने की अपील की गई है।