Patna Railway Station Hungama : पटना। बिहार पुलिस निषेध विभाग की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों का गुस्सा रविवार को पटना के पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर फूट पड़ा। ट्रेनों की लेटलतीफी और अव्यवस्था से नाराज छात्रों ने स्टेशन पर जमकर हंगामा किया और परीक्षा के लिए चलाई गई स्पेशल ट्रेन में तोड़फोड़ कर दी। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले और हवाई फायरिंग का सहारा लेना पड़ा। इस झड़प में आईजी (IG) समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की खबर है।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को आयोजित परीक्षा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थी पाटलिपुत्र स्टेशन पर जुटे थे। इस दौरान ट्रेनों के परिचालन में देरी और कुप्रबंधन को लेकर अभ्यर्थियों का सब्र टूट गया। कुछ असामाजिक तत्वों ने रेलवे संचालन को बाधित करने की कोशिश की और लगातार इमरजेंसी चेन खींचकर ट्रेनों को रोके रखा। इसके साथ ही उन्होंने परीक्षा देने जा रहे अन्य छात्रों को भी जबरन रोकने का प्रयास किया।
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। स्थिति को बिगड़ता देख पुलिस ने मोर्चा संभाला, जिसके बाद उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव की इस घटना में आईजी सहित कई पुलिस जवान मामूली रूप से जख्मी हुए हैं। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा, जिसके बाद उपद्रवी स्टेशन छोड़कर भागे।
मामले की जानकारी देते हुए पटना के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन ने बताया कि देर रात ही स्टेशन पर हंगामे की सूचना मिली थी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से शांति बनाए रखने की अपील की थी। स्टेशन पर पहले से ही दो स्पेशल ट्रेनें उपलब्ध थीं, लेकिन कुछ उपद्रवी अतिरिक्त ट्रेनों की मांग को लेकर लगातार चेन पुलिंग कर रहे थे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। फिलहाल स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात है, सभी ट्रेनें रवाना की जा चुकी हैं और रेलवे परिचालन पूरी तरह सामान्य है।