जंगल में अवैध कटाई के आरोपों के बीच वन विभाग ने कसा शिकंजा, वन परिक्षेत्र देवगढ में कार्रवाई, 18 नग लकड़ी बरामद; तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटा वन विभाग
कोरिया वनमंडल के देवगढ़ वन परिक्षेत्र में जंगलों की सुरक्षा को लेकर उठ रहे प्रकाशित खबरों और सवालों के बीच वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। वन अमले ने कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी से भरे ट्रक को जब्त किया है। इस कार्रवाई के बाद वन विभाग की निगरानी व्यवस्था एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
जानकारी के अनुसार कोरिया वन मंडल अंतर्गत देवगढ़ रेंज क्षेत्र में मुखबिर से अवैध लकड़ी परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने घेराबंदी कर एक ट्रक को पकड़ा। तलाशी के दौरान ट्रक से 18 नग मोटी लकड़ियां बरामद हुईं। लकड़ी परिवहन से संबंधित दस्तावेज नहीं मिलने पर विभाग ने वाहन सहित लकड़ी को जब्त कर लिया।
बताया जा रहा है कि जब्त ट्रक उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद में पंजीकृत है। वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि लकड़ी कहां से लाई गई थी और इस कारोबार में कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गौरतलब है कि देवगढ़ वन परिक्षेत्र अंतर्गत अवैध कटाई को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे थे। जंगल के अंदर बड़े वृक्षों की कटाई, मौके पर पड़ी लकड़ियां और वन क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था को लेकर स्थानीय स्तर पर नाराजगी सामने आई थी। इसी मुद्दे को लेकर खबर प्रकाशित की गई थी, जिसके बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए अवैध लकड़ी परिवहन पर शिकंजा कसा है।
वन अधिकारियों का कहना है कि वन अपराध के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जब्त वाहन के राजसात की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। हालांकि अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जंगलों में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी के पीछे सक्रिय लोगों तक विभाग की जांच कब तक पहुंचती है।
देवगढ़ वन क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।