लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण और कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने पर जोर
दुर्ग पुलिस की अपराध समीक्षा बैठक में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश
रमेश गुप्ता
भिलाई । पुलिस कंट्रोल रूम सेक्टर-06 में गुरुवार को आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों को लंबित अपराधों एवं विवेचनाओं के शीघ्र निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित प्रकरणों की स्थिति, डिजिटल साक्ष्य प्रणाली, शिकायत निवारण और आगामी शैक्षणिक सत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान वर्ष 2024 एवं उससे पूर्व के लंबित अपराधों, गंभीर प्रकरणों, फरार आरोपियों, निगरानी बदमाशों और लंबित विवेचनाओं की थाना-वार समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 193(8) के अंतर्गत लंबित पूरक विवेचना प्रकरणों का शीघ्र निराकरण कर न्यायालय में समयबद्ध प्रस्तुतिकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और ई-साक्ष्य प्रणाली की समीक्षा
बैठक में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल एवं अन्य शिकायत निवारण माध्यमों में प्राप्त लंबित शिकायतों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने तथा नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही ई-साक्ष्य (e-Sakshya) प्रणाली के अंतर्गत डिजिटल साक्ष्यों के संकलन, अपलोडिंग और उपयोग की प्रगति की समीक्षा करते हुए तकनीकी साक्ष्यों के अधिकतम उपयोग पर बल दिया गया। अधिकारियों को घटनास्थल निरीक्षण और डिजिटल साक्ष्य संग्रहण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।
मालखाना प्रबंधन और रिकॉर्ड संधारण पर विशेष जोर
पुलिस अधीक्षक ने मालखानों के भौतिक सत्यापन, न्यायालयीन आदेशानुसार नष्टीकरण योग्य संपत्तियों के समयबद्ध नष्टीकरण तथा अभिलेखों के व्यवस्थित संधारण की समीक्षा की। सभी राजपत्रित अधिकारियों को अधीनस्थ थानों के मालखानों का नियमित निरीक्षण एवं सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्कूल-कॉलेजों के आसपास सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश
आगामी शैक्षणिक सत्र को ध्यान में रखते हुए स्कूल एवं कॉलेज परिसरों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश जारी किए गए। बैठक में महिला एवं बाल सुरक्षा संबंधी गतिविधियों को भी प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।
विशेष अभियान चलाकर होगी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने सभी थाना प्रभारियों को लंबित अपराधों के त्वरित निराकरण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा आदतन और निगरानी बदमाशों पर प्रभावी नियंत्रण रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नियमित पेट्रोलिंग, जनसंवाद और संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी बढ़ाने पर भी बल दिया।
बैठक में विभागीय अनुशासन, बल प्रबंधन, एएसआई प्रशिक्षण कार्यक्रम, अवकाश सूचना प्रणाली और रिकॉर्ड संधारण जैसे प्रशासनिक विषयों की भी समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।