बुजुर्गों के सम्मान और सुखद जीवन की नई पहल: सियान गुड़ी डे-केयर सेंटर का शुभारंभ

अम्बिकापुर। बुजुर्गों को सम्मानपूर्ण, सुरक्षित और आनंदमय वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में सरगुजा जिले में एक महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत हुई है। समाज कल्याण विभाग द्वारा स्थापित ‘सियान गुड़ी’ (वरिष्ठ नागरिक डे-केयर सेंटर) का शुभारंभ सोमवार को वित्त एवं जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी ने समाज कल्याण तथा महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े की गरिमामयी उपस्थिति में किया।

इस अवसर पर मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सम्माननीय बुजुर्ग समाज की धरोहर हैं। उनके अनुभवों से ही आने वाली पीढ़ियां सीख लेकर समाज को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त करती हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बुजुर्गों का सम्मान अत्यंत आवश्यक है। इसी सोच के साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए सभी आवश्यक सुविधाओं एवं मनोरंजन की व्यवस्थाओं से युक्त सियान गुड़ी डे-केयर सेंटर की शुरुआत की गई है, जिससे वे सम्मानपूर्वक और आनंदमय वातावरण में अपना समय व्यतीत कर सकें।

महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि वर्तमान समय की व्यस्त जीवनशैली में परिवार के सदस्य कई बार अपने बुजुर्गों को पर्याप्त समय नहीं दे पाते, जिसके कारण वे अकेलेपन का अनुभव करते हैं। वरिष्ठ नागरिकों के इसी अकेलेपन को दूर करने तथा उन्हें सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सियान गुड़ी डे-केयर सेंटर की स्थापना की गई है। उन्होंने कहा कि यह केंद्र बुजुर्गों के लिए सामाजिक जुड़ाव, स्वास्थ्य संरक्षण और मनोरंजन का एक महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

उन्होंने बताया कि डे केयर सेंटर में योग, प्राणायाम, फिजियोथेरेपी, प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, पुस्तकालय, पारिवारिक परामर्श, सांस्कृतिक एवं सामुदायायिक गतिविधियां, इंडोर गेम्स, स्वल्पाहार तथा भोजन जैसी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। 25 सीटर क्षमता वाले इस केंद्र का संचालन सप्ताह में छह दिवस प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक किया जाएगा।

उद्घाटन अवसर पर मंत्रीगण एवं जनप्रतिनिधियों ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ कैरम और लूडो खेलकर संवाद कर आत्मीय समय बिताया। कार्यक्रम के दौरान शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को व्हीलचेयर एवं छड़ी का वितरण भी किया गया। बुजुर्गों के सामाजिक, मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मनेंद्रगढ़ रोड स्थित टाटा शोरूम के पीछे स्थापित इस डे-केयर सेंटर का संचालन समाज कल्याण विभाग के सहयोग से अनामिका वेलफेयर सोसायटी, अंबिकापुर द्वारा किया जाएगा। 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए विकसित इस केंद्र में उन्हें दिनभर मनोरंजन, सामाजिक सहभागिता और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं से युक्त अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक प्रबोध मिंज, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर पालिक निगम अंबिकापुर के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव, पार्षद कमलेश तिवारी सहित अन्य पार्षदगण जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कलेक्टर अजीत वसंत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत सीईओ विनय अग्रवाल, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक व्ही.के. उइके, एसडीएम बनसिंह नेताम, अनामिका वेलफेयर सोसायटी की सचिव रीता अग्रवाल तथा समाज कल्याण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।

हिंगोरा सिंह

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *