आधी रात को रेत खदान में विधायक सावित्री मंडावी का छापा, देखें वीडियो

भड़कीं विधायक, कहा— अधिकारियों की मिलीभगत से चल रहा अवैध खेल
जनधारा ​चारामा संवाददाता अनूप वर्मा

जिले में रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन का मामला एक बार फिर गरमा गया है। चारामा ब्लॉक के हराडूला रेत खदान में आधी रात को अवैध रूप से रेत खनन किए जाने की सूचना पर भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने खुद मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। विधायक की इस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया, जिसके बाद 5 हाइवा और एक चैन माउंटेन (पोकलेन) मशीन को जब्त किया गया है।


​अधिकारियों की भूमिका पर उठाए सवाल
​घटना के बाद अपना बयान जारी करते हुए विधायक सावित्री मंडावी ने प्रशासन और खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा:
​”मैं अपने विधानसभा क्षेत्र (दूर्गुकोंदल और चारामा) में अवैध रेत खनन के खिलाफ लगातार आवाज उठा रही हूँ। एसपी, माइनिंग अधिकारी से लेकर मुख्यमंत्री तक को आवेदन दिया गया है। इसके बावजूद हराडूला में बार-बार अवैध उत्खनन कैसे शुरू हो जाता है, यह समझ से परे है।
​”माइनिंग अधिकारियों ने नहीं उठाया फोन, एसपी की मुस्तैदी से हुई कार्रवाई


​विधायक ने आरोप लगाया कि रविवार रात जब उन्हें अवैध खनन की पुख्ता जानकारी मिली, तो उन्होंने तत्काल माइनिंग अधिकारियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन किसी ने भी उनका फोन नहीं उठाया। इसके बाद उन्होंने जिले के पुलिस कप्तान (SP) को मामले की जानकारी दी। एसपी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए तुरंत पुलिस बल को मौके पर भेजा और रात में गश्त (पेट्रोलिंग) बढ़ाई, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई मुमकिन हो सकी।
​मिलीभगत की आशंका, कार्रवाई की चेतावनी
​विधायक मंडावी ने दो टुक शब्दों में कहा कि प्रशासन के कुछ लोगों की मिलीभगत या ‘मिसमैनेजमेंट’ के बिना रात के अंधेरे में इतना बड़ा अवैध खेल नहीं खेला जा सकता। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा:
​”मेरे विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दूर्गुकोंदल और चारामा ब्लॉक में किसी भी कीमत पर अवैध रेत खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस खेल को पूर्ण रूप से बंद होना ही होगा। दोषियों और रेत माफियाओं के खिलाफ सख्त से सख्त वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”
​फिलहाल, पुलिस और संबंधित विभाग द्वारा जब्त किए गए वाहनों और मशीनों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस छापे के बाद से क्षेत्र के रेत माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *