मनीला: फिलीपींस का दक्षिणी हिस्सा सोमवार को भूकंप के जोरदार झटकों से दहल उठा। मिंदानाओ क्षेत्र में आए इस 7.8 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप ने भारी तबाही मचाई है, जिसमें जनरल सैंटोस शहर में 5 लोगों की मौत की शुरुआती खबर है। भूकंप इतना भीषण था कि कई इमारतें ताश के पत्तों की तरह ढह गईं, जिसका एक खौफनाक वीडियो भी सामने आया है जिसमें एक स्कूल की इमारत जमींदोज होती दिख रही है।
इस महाभूकंप के तुरंत बाद फिलीपींस और इंडोनेशिया के कई तटीय इलाकों में सुनामी (Tsunami) का हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। अमेरिकी सुनामी वॉर्निंग सिस्टम और स्थानीय प्रशासन ने तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को तुरंत घर खाली कर ऊंचे और सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए हैं।
सिर्फ 10 किमी नीचे था केंद्र, बढ़ गया खतरा
जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के मुताबिक, इस भूकंप का केंद्र जमीन से महज 10 किलोमीटर की गहराई पर था। वैज्ञानिकों का कहना है कि कम गहराई पर आने वाले भूकंप सबसे ज्यादा विनाशकारी होते हैं क्योंकि इनसे जमीन में कंपन बेहद तेज होता है। फिलीपींस की सरकारी एजेंसी PHIVOLCS ने चेतावनी दी है कि समुद्र में सामान्य से एक मीटर ऊंची लहरें उठ सकती हैं, जो तटीय इलाकों को अपनी चपेट में ले सकती हैं। इसके साथ ही अगले कुछ दिनों तक लगातार तेज आफ्टरशॉक्स (भूकंप के बाद के झटके) आने की आशंका भी जताई गई है।
‘रिंग ऑफ फायर’ का खौफ
फिलीपींस भौगोलिक रूप से प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ (Ring of Fire) पर स्थित है। यह दुनिया का वह हिस्सा है जहां सबसे ज्यादा टेक्टोनिक प्लेट्स सक्रिय हैं, जिसके कारण यहां लगातार बड़े भूकंप और ज्वालामुखी फटने जैसी आपदाएं आती रहती हैं। फिलहाल राहत और बचाव टीमें अलर्ट पर हैं और समुद्र के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।