लटोरी चौक पर एक दिवसीय धरना-रैली के बाद मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को सौंपा 8 सूत्रीय ज्ञापन
प्रशासन की किसान व जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान
सूरजपुर / लटोरी भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) क्षेत्रीय समिति मंजीरा के तत्वावधान में आज लटोरी चौक पर शासन-प्रशासन की कथित किसान और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जमकर गर्जना हुई।
माकपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने एक दिवसीय धरना देकर रैली निकाली और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार लटोरी को एक 8 सूत्रीय तीखा ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है, ऐसा न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
हसदेव बचाओ और कोयला खदानों के लिए भूमि अधिग्रहण पर तीखा रुख
माकपा ने अपने ज्ञापन में सबसे संवेदनशील और ज्वलंत मुद्दों को उठाते हुए सीधे तौर पर सरकार को घेरा है। पार्टी ने मांग की है कि हसदेव जंगल की कटाई पर तत्काल पूर्ण रूप से रोक लगाई जाए।
पांचवीं अनुसूची क्षेत्र के जिले के ग्राम मदननगर में कोयला खदान के लिए किए जा रहे भूमि अधिग्रहण को तुरंत निरस्त किया जाए।
विकास के नाम पर आदिवासियों को उनकी जल-जंगल-जमीन से बेदखल करने की साजिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, इस पर तुरंत रोक लगे।
खाद की कालाबाजारी और गैस सिलेंडरों की किल्लत पर फूटा गुस्सा
क्षेत्रीय जनता और किसानों की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए माकपा नेताओं ने कहा कि सहकारी समितियों में किसानों को उनकी भूमि के रकबे के हिसाब से पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
मुख्य मांगें जिन पर प्रशासन को घेरा गया
प्राइवेट खाद दुकानों की मनमानी
प्राइवेट दुकानों पर खाद की कालाबाजारी और मनमाने दामों पर तत्काल लगाम लगाई जाए और किसानों को सही कीमत पर खाद दिलाई जाए।
रसोई गैस की कालाबाजारी
आम जनता को जरूरत के हिसाब से रसोई गैस सिलेंडर नहीं मिल रहे हैं, जबकि सिलेंडरों की धड़ल्ले से कालाबाजारी हो रही है। इस पर प्रशासन तुरंत रोक लगाए।
ओवरलोड वाहनों से जर्जर हो रहीं सड़कें हादसे का न्यौता
प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय यातायात व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। ज्ञापन में साफ कहा गया है कि महान-2 और महान-3 कोयला खदानों से निकलने वाली ओवरलोड हाइवा गाड़ियां क्षमता से अधिक भारी होने के बावजूद कल्याणपुर-लटोरी रोड पर धड़ल्ले से दौड़ रही हैं। यह सड़क भारी वाहनों के लिए प्रतिबंधित है, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। इस मार्ग पर इन ओवरलोड वाहनों के चलने पर तत्काल रोक लगाई जाए।
नेताओं ने दी चेतावनी मांगें पूरी नहीं हुईं तो थमेगा चक्का
इस उग्र प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान क्षेत्रीय समिति के सदस्य उमा प्रसाद सिंह और क्षेत्रीय सचिव प्रदीप मानिकपुरी (CPI-M) सहित भारी संख्या में किसान, आदिवासी और स्थानीय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
माकपा नेताओं ने दो टूक शब्दों में कहा कि यदि प्रशासन ने इन जनहित की 8 सूत्रीय मांगों पर गंभीरता से कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन केवल धरने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे जिले में चक्काजाम और तीव्र जन-आंदोलन का रूप ले लेगा।
