बीएसपी स्क्रैप चोरी मामले में दो फरार आरोपियों पर इनाम घोषित

रमेश गुप्ता भिलाई। बहुचर्चित बीएसपी स्क्रैप चोरी प्रकरण में फरार चल रहे दो आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दुर्ग पुलिस ने इनाम की घोषणा की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने मुख्य आरोपी संजय सिंह और अभय सिंह की गिरफ्तारी अथवा उनकी सूचना देने वाले व्यक्ति के लिए पृथक-पृथक 10 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की है।
पुलिस के अनुसार 26 मई को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुरानी भिलाई थाना पुलिस ने ग्राम अकलोरडीह स्थित ए.के. ट्रेडर्स परिसर में छापेमार कार्रवाई की थी। जांच के दौरान फ्लू डस्ट परिवहन की आड़ में भिलाई इस्पात संयंत्र से चोरी किए गए लोहे के स्क्रैप का अवैध भंडारण और परिवहन किए जाने का खुलासा हुआ था।
कार्रवाई में लगभग 250 टन लोहे की प्लेट, बीम कटिंग और अन्य स्क्रैप सामग्री जब्त की गई थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 90 लाख रुपये आंकी गई। वहीं स्क्रैप के परिवहन एवं लोडिंग में प्रयुक्त हाईवा, ट्रक और मशीनरी सहित कुल 3 करोड़ 22 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की गई थी।
पुलिस अब तक इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है। विवेचना के दौरान संजय सिंह और अभय सिंह की भूमिका सामने आने के बाद उनकी तलाश तेज कर दी गई है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को फरार आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी प्राप्त हो तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा नियमानुसार पुरस्कार भी प्रदान किया जाएगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *