कोच्चि। मलयालम सिनेमा के सुपरस्टार मोहनलाल की मच-अवेटेड फिल्म ‘दृश्यम 3’ (Drishyam 3) ने दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ का आंकड़ा तो पार कर लिया है, लेकिन घरेलू बाजार में इसकी धीमी रफ्तार अब मेकर्स के लिए चिंता का सबब बनती जा रही है। रिलीज के 15वें दिन फिल्म के कलेक्शन में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिसका सीधा कनेक्शन राम चरण की नई रिलीज फिल्म ‘पेद्दी’ (Peddi) के क्रेज से जोड़ा जा रहा है।
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सैकनिल्क की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, ‘दृश्यम 3’ ने अपने 15वें दिन (शुक्रवार) देश भर में महज 93 लाख रुपये का बिजनेस किया। फिल्म के कलेक्शन में करीब 25.6% का ड्रॉप देखा गया है। खास बात यह है कि इस कमाई का एक बड़ा हिस्सा (92 लाख रुपये) केवल मलयालम भाषा से आया है, जबकि तमिल वर्जन से फिल्म बमुश्किल 1 लाख रुपये ही जुटा पाई। 1,394 शोज मिलने के बावजूद यह गिरावट बताती है कि फिल्म की पकड़ अब ढीली हो रही है।
ओवरसीज में राम चरण की ‘पेद्दी’ से मिला कड़ा मुकाबला
हालांकि ‘दृश्यम 3’ को सबसे बड़ा झटका ओवरसीज मार्केट में लगा है, जहां इसने शुरुआत में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। राम चरण की फिल्म ‘पेद्दी’ ने रिलीज होते ही विदेशी बाजारों में तहलका मचा दिया है। ‘पेद्दी’ ने अपने दूसरे दिन ही ओवरसीज से 8 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया, जिससे विदेशी धरती पर इसकी कुल कमाई 36 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। ‘पेद्दी’ के इस धमाकेदार प्रदर्शन का सीधा असर ‘दृश्यम 3’ के अंतरराष्ट्रीय बिजनेस पर पड़ा है।
‘सबसे बड़ी मलयालम फिल्म’ बनने का सपना टूटा
शानदार शुरुआत के बाद उम्मीद जताई जा रही थी कि ‘दृश्यम 3’ मलयालम सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर बनेगी, लेकिन अब यह सपना टूटता नजर आ रहा है। फिलहाल यह फिल्म सबसे ज्यादा कमाई करने वाली मलयालम फिल्मों की सूची में छठे नंबर पर बनी हुई है। आने वाले दिनों में यह कल्याणी प्रियदर्शन की ‘लोका’ (Loka) जैसी फिल्मों का रिकॉर्ड तोड़ पाएगी, इसकी उम्मीद अब बेहद कम है।
अगर अब तक के कुल आंकड़ों पर नजर डालें, तो ‘दृश्यम 3’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। वहीं, ओवरसीज से फिल्म ने अब तक 111.15 करोड़ रुपये (ग्रॉस 119.08 करोड़) बटोरे हैं। इस तरह फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन 230.23 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। राहत की बात बस इतनी है कि फिल्म की ओवरऑल ऑक्यूपेंसी अब भी 13 फीसदी से ज्यादा है और नाइट शोज में दर्शक थिएटर का रुख कर रहे हैं।
अब साउथ में ‘दृश्यम 3’ की सुस्त पड़ती चाल के बीच, हिंदी दर्शकों को अजय देवगन की ‘दृश्यम 3’ का बेसब्री से इंतजार है, क्योंकि मेकर्स पहले ही साफ कर चुके हैं कि हिंदी वर्जन की कहानी बिल्कुल अलग और फ्रेश होने वाली है।