अगर आप भी रील्स देखने और फोटो-वीडियो शेयर करने के लिए इंस्टाग्राम का इस्तेमाल करते हैं, तो आपके लिए एक बड़ी खबर है। मेटा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक बड़ा बदलाव करते हुए वैश्विक स्तर पर ‘इंस्टाग्राम प्लस’ (Instagram Plus) नाम से एक नया प्रीमियम सब्सक्रिप्शन प्लान रोलआउट कर दिया है। इस नए पेड प्लान के तहत यूजर्स को कई ऐसे एक्सक्लूसिव फीचर्स और एडवांस टूल्स मिलेंगे, जो अब तक साधारण इंस्टाग्राम ऐप में मौजूद नहीं थे। हालांकि, इस घोषणा के साथ ही कंपनी ने आम यूजर्स की सबसे बड़ी चिंता को भी दूर कर दिया है।
क्या बंद हो जाएगा फ्री इंस्टाग्राम?
इंस्टाग्राम प्लस के बाजार में आते ही यूजर्स के बीच यह भ्रम फैल गया था कि क्या अब ऐप चलाने के लिए पैसे देने होंगे। मेटा ने इस स्थिति को पूरी तरह साफ करते हुए कहा है कि मौजूदा इंस्टाग्राम प्लेटफॉर्म पहले की तरह ही बिल्कुल फ्री रहेगा। आम यूजर्स को रील्स देखने, पोस्ट करने, स्टोरी लगाने या मैसेजिंग जैसी सामान्य सुविधाओं के लिए कोई चार्ज नहीं देना होगा। यह नया प्लान पूरी तरह से ऑप्शनल (वैल्पिक) है, जिसे केवल वही लोग खरीद सकते हैं जिन्हें एडवांस फीचर्स और अकाउंट पर ज्यादा कंट्रोल चाहिए।
Instagram Plus के वो दमदार फीचर्स जो इसे बनाते हैं खास
इंस्टाग्राम के सीईओ एडम मोसेरी ने एक वीडियो जारी कर इस नए प्रीमियम प्लान की खूबियों के बारे में बताया है। इंस्टाग्राम प्लस में मिलने वाले मुख्य फीचर्स इस प्रकार हैं:
स्टोरी स्पॉटलाइट (Story Spotlight): आपकी लगाई गई स्टोरी को आपके दोस्तों की फीड में सबसे पहले और ज्यादा प्राथमिकता दिखाई जाएगी।
सुपर हार्ट्स (Super Hearts): साधारण लाइक्स के बजाय दोस्तों को खास एनिमेटेड और आकर्षक रिएक्शन भेजने की सुविधा।
स्टोरी एक्सटेंड (Story Extend): अब आपकी स्टोरी 24 घंटे में गायब नहीं होगी, बल्कि पूरे 48 घंटे तक लाइव रहेगी।
मल्टीपल स्टोरी ऑडियंस (Multiple Story Audiences): अलग-अलग दोस्तों और ग्रुप्स के लिए अलग-अलग स्टोरी ऑडियंस सेट करने की आजादी।
रीवॉच इनसाइट्स (Story Rewatch Insights): यह अनोखा फीचर आपको बताएगा कि आपकी स्टोरी को किसी यूजर ने कितनी बार दोबारा (Rewatch) देखा है।
व्यूअर लिस्ट सर्च (Search Viewer List): लंबी स्टोरी व्यूअर लिस्ट में से आप किसी खास व्यक्ति का नाम टाइप करके सर्च कर सकेंगे।
प्रोफाइल को मिलेगा बिल्कुल नया और यूनिक लुक
मेटा ने प्लस यूजर्स के लिए कस्टमाइजेशन टूल्स पर काफी काम किया है, जिससे उनकी प्रोफाइल आम यूजर्स से अलग दिखेगी:
कस्टम ऐप आइकॉन और बायो फॉन्ट्स: यूजर्स अपने फोन की होम स्क्रीन पर दिखने वाले इंस्टाग्राम ऐप के आइकॉन को बदल सकेंगे और प्रोफाइल बायो में अलग-अलग स्टाइलिश फॉन्ट्स का इस्तेमाल कर पाएंगे।
6 पिन्ड पोस्ट (6 Pinned Posts): अब तक प्रोफाइल ग्रिड पर सिर्फ 3 पोस्ट पिन करने की अनुमति थी, लेकिन प्लस यूजर्स अब 6 जरूरी पोस्ट या रील्स को टॉप पर पिन कर सकेंगे।
बिना फीड में आए सीधा पोस्ट: ‘पोस्ट डायरेक्टली टू प्रोफाइल’ फीचर के जरिए कोई भी फोटो या वीडियो सीधे प्रोफाइल या हाइलाइट्स में सेव हो जाएगा, वह फॉलोअर्स की होम फीड में जाकर उन्हें परेशान नहीं करेगा।
किन यूजर्स को ध्यान में रखकर बनाया गया है यह प्लान?
कंपनी के मुताबिक, इंस्टाग्राम प्लस को मुख्य रूप से पावर यूजर्स, इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल क्रिएटर्स के लिए डिजाइन किया गया है। इसमें मिलने वाले ‘अडवांस कंटेंट इनसाइट्स’ की मदद से क्रिएटर्स अपने कंटेंट की परफॉर्मेंस और ऑडियंस एंगेजमेंट को बारीकी से समझ सकेंगे। मेटा ने मई के महीने में इसकी टेस्टिंग शुरू की थी और अब इसे भारत सहित दुनिया भर के बाजारों में लागू किया जा रहा है। कंपनी का दावा है कि आने वाले समय में प्लस यूजर्स के लिए कुछ और भी धमाकेदार फीचर्स जोड़े जाएंगे।