सनकी आशिक ने ऑफिस में घुसकर एक्स गर्लफ्रेंड को चाकुओं से गोदा, खुद का भी रेता गला

मोहाली। पंजाब के मोहाली से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक प्राइवेट कंपनी के दफ्तर में काम कर रही लड़की की उसके ही एक्स बॉयफ्रेंड ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने ऑफिस के अंदर घुसकर लड़की पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया और इसके बाद खुद का भी गला रेत कर जान देने की कोशिश की। इस पूरी खौफनाक वारदात का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

मृतका की पहचान पटियाला की रहने वाली डिंपल के रूप में हुई है। वहीं, आरोपी की पहचान हरविंदर सिंह उर्फ हैरी के तौर पर हुई है, जिसकी हालत फिलहाल बेहद नाजुक बनी हुई है।

तीन साल का रिश्ता और ब्रेकअप बनी वजह

मिली जानकारी के मुताबिक, डिंपल और हरविंदर दोनों मोहाली के फेज-11 स्थित एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी में पिछले तीन साल से एक साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई और बात प्यार तक पहुंच गई। हालांकि, कुछ समय पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। ब्रेकअप के बाद से ही आरोपी हरविंदर काफी परेशान रहने लगा था। उसने डिंपल के साथ दोबारा रिश्ता सुधारने की कोशिश भी की, लेकिन जब बात नहीं बनी, तो वह डिंपल से रंजिश रखने लगा।

दफ्तर में घुसकर किया ताबड़तोड़ हमला

गुरुवार देर शाम आरोपी हरविंदर दफ्तर पहुंचा, जहां किसी बात को लेकर उसका डिंपल से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी ने अचानक चाकू निकाला और अपनी डेस्क पर बैठकर काम कर रही डिंपल पर हमला कर दिया। शुरुआती वार के बाद जब लहूलुहान डिंपल अपनी जान बचाने के लिए गेट की तरफ भागी, तो आरोपी ने उसे दोबारा पकड़ लिया और उस पर कई वार किए। ऑफिस के अन्य कर्मचारियों ने डिंपल को बचाने की कोशिश की, लेकिन सनकी आशिक लगातार वार करता रहा। डिंपल को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी ने खुद का भी गला रेत लिया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही फेज-11 थाने की पुलिस और फॉरेंसिक टीम रात करीब 7:40 बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर वहां से साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। दोनों को गंभीर हालत में तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, आरोपी हरविंदर का इलाज अभी जारी है और उसकी हालत गंभीर है। पुलिस ने मृतका के परिजनों को सूचित कर दिया है और मामले की आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *