भिलाई: बीएसपी प्लांट में स्वाहा हुआ 7.88 करोड़ का नशा

रमेश गुप्ता भिलाई । दुर्ग रेंज पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना पुलगांव में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में जप्त लगभग 7.88 करोड़ रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का वैधानिक प्रक्रिया के तहत नष्टीकरण किया। यह कार्रवाई उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति की निगरानी में भिलाई इस्पात संयंत्र के एसएमएस-3 प्लांट में संपन्न हुई।
पुलिस के अनुसार थाना पुलगांव के अपराध क्रमांक 247/2026 में स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के तहत जप्त अफीम के पौधे, जड़, तना, पत्ती, फूल एवं फल सहित करीब 14 लाख 30 हजार 100 नग मादक पदार्थ, कुल 62,422.2 किलोग्राम वजन, 62.540 किलोग्राम अफीम डोडा तथा 572 ग्राम अफीम युक्त सूखा मिश्रित डोडा बुक्की को नष्ट किया गया। जप्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7.88 करोड़ रुपये बताई गई है।
नष्टीकरण की कार्रवाई उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के अध्यक्ष एवं अभिषेक शांडिल्य के नेतृत्व में की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल तथा शशांक कुमार सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


पुलिस अधिकारियों ने बताया कि न्यायालयीन एवं अन्य वैधानिक प्रक्रियाएं पूर्ण होने के बाद पर्यावरण विभाग तथा संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर निर्धारित मानकों के अनुरूप जप्त मादक पदार्थों का सुरक्षित और विधिसम्मत तरीके से नष्टीकरण किया गया।
पुलिस ने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा न्यायालयीन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जप्त सामग्री के सुरक्षित निपटान के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई। दुर्ग रेंज की ड्रग्स डिस्पोजल समिति, थाना पुलगांव और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने निर्धारित नियमों का पालन करते हुए नष्टीकरण की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी की।कार्रवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक पनिक राम कुजूर, उप पुलिस अधीक्षक शिल्पा साहू, पर्यावरण विभाग के संजय सिंह परिहार तथा बीएसपी एसएमएस-3 प्लांट के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *