देवार बस्ती में दुर्ग पुलिस का सघन तलाशी अभियान, गांजा, शराब और तलवारें बरामद

रमेश गुप्ता भिलाई। दुर्ग पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के तहत थाना खुर्सीपार क्षेत्र के देवार पारा में विशेष सघन चेकिंग एवं तलाशी अभियान चलाकर बड़ी मात्रा में गांजा, अवैध शराब और धारदार हथियार बरामद किए हैं। अभियान के दौरान बिना नंबर की संदिग्ध दोपहिया वाहनों को भी जब्त कर उनकी वैधानिक जांच की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर ने बताया कि देवार बस्ती में अवैध रूप से गांजा बिक्री किए जाने की लगातार सूचना मिल रही थी। इसके मद्देनजर नगर पुलिस अधीक्षक छावनी प्रशांत सिंह पैकरा और थाना प्रभारी खुर्सीपार आनंद शुक्ला के नेतृत्व में करीब 50 पुलिसकर्मियों की टीम ने बुधवार को विशेष तलाशी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान बस्ती के घरों, खंडहर भवनों, कबाड़ के बोरों, मकानों की छतों तथा शौचालयों की बारीकी से जांच की गई। तलाशी के दौरान कबाड़ और अन्य सामानों के बीच छिपाकर रखा गया गांजा, गांजा की पुड़िया बनाने में इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक रैपर, अवैध शराब तथा दो तलवारें बरामद की गईं।


पुलिस ने मौके से लगभग 10 से 12 किलोग्राम गांजा, 62 पौवा शराब (18 पौवा देसी मसाला एवं 44 पौवा गोल्डन गोवा), गांजा पैकिंग में उपयोग होने वाले बड़ी संख्या में प्लास्टिक रैपर तथा दो तलवारें जब्त की हैं।
बरामद गांजे के संबंध में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि अवैध शराब के मामले में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद मादक पदार्थ और शराब किसके द्वारा लाकर छिपाई गई थी।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक गतिविधियों पर नियंत्रण करना तथा नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाना है।


………………………………
पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने नागरिकों से अपील की है कि अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराध और नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *