रमेश गुप्ता
भिलाई। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती मामले की जांच के सिलसिले में इडी ने बुधवार को भिलाई में दो अलग-अलग स्थानों पर जांच कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, सीबीआई की टीम ने पूर्व प्रशासनिक अधिकारी जीवन किशोर ध्रुव के निवास पर पहुंचकर दस्तावेजों एवं अन्य अभिलेखों की जांच की।

सूत्रों के मुताबिक, टीम सुबह सुरक्षा बलों के साथ पहुंची और कई घंटों तक दस्तावेजों का परीक्षण करती रही। बताया जाता है कि जीवन किशोर ध्रुव पूर्व में दुर्ग जिले में परिवहन विभाग में अधिकारी रह चुके हैं तथा छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग में सचिव पद की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। जांच को CGPSC भर्ती मामले से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इस संबंध में सीबीआई की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

इसी क्रम में नेहरू नगर निवासी अनिल अग्रवाल के नेहरू नगर निवास पर भी जांच एजेंसी की टीम पहुंची। अनिल अग्रवाल का नाम भारतमाला परियोजना से जुड़े मामलों में सामने आने की चर्चा है। टीम द्वारा वहां भी आवश्यक दस्तावेजों एवं अभिलेखों की पड़ताल किए जाने की जानकारी मिली है।

दोनों मामलों में जांच एजेंसी संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों का परीक्षण कर रही है। अधिकारियों की ओर से फिलहाल जांच की प्रक्रिया जारी रहने की बात कही जा रही है।
खबर जल्द अपडेट की जाएगी