IPL चैंपियन बनते ही RCB को लगा बड़ा झटका : इस स्टार खिलाड़ी पर लगा बैन, BCCI ने आधी मैच फीस भी काटी

अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर इतिहास तो रच दिया, लेकिन इस महाजीत के ठीक अगले ही दिन टीम के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। बीसीसीआई (BCCI) ने आरसीबी के स्टार और विस्फोटक बल्लेबाज टिम डेविड पर नियमों के उल्लंघन के लिए एक मैच का प्रतिबंध (बैन) लगा दिया है। इसके साथ ही सजा के तौर पर उनकी आधी कमाई (50 फीसदी मैच फीस) भी काट ली गई है।

फाइनल मैच में अंपायर पर निकाला गुस्सा, भारी पड़ी ये हरकत
बीसीसीआई द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, यह कार्रवाई आईपीएल फाइनल के दौरान मैदान पर टिम डेविड के आक्रामक व्यवहार के कारण की गई है। गुजरात टाइटंस की पारी के 10वें ओवर में जब एक विकेट गिरा, तो डेविड ने गुस्से में आकर मैच अंपायर नितिन मेनन की तरफ ‘आइस बैग’ फेंक दिया।

डेविड की यह हरकत आईपीएल आचार संहिता (कोड ऑफ कंडक्ट) के आर्टिकल 2.9 का सीधा उल्लंघन है, जो मैदान पर किसी भी खिलाड़ी या मैच अधिकारी की तरफ गेंद या कोई अन्य सामान फेंकने को प्रतिबंधित करता है। डेविड को इस मामले में लेवल-1 का दोषी पाया गया। खिलाड़ी ने मैच रेफरी के सामने अपनी गलती स्वीकार कर ली है।

अगले सीजन का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे टिम डेविड
चूंकि आईपीएल 2026 का सीजन अब खत्म हो चुका है, इसलिए टिम डेविड पर लगा यह एक मैच का बैन अगले साल यानी आईपीएल 2027 के पहले मुकाबले पर लागू होगा। डेविड अगले सीजन का पहला मैच नहीं खेल पाएंगे, चाहे वे आरसीबी में रहें या किसी अन्य फ्रेंचाइजी का हिस्सा बनें।

दरअसल, टिम डेविड चालू सीजन में लगातार तीसरी बार अनुशासनहीनता के घेरे में आए हैं।

पहली गलती: सीजन के 20वें मैच में (1 डिमेरिट पॉइंट मिला)

दूसरी गलती: सीजन के 54वें मैच में (2 डिमेरिट पॉइंट मिले)

तीसरी गलती: फाइनल मैच में (2 डिमेरिट पॉइंट मिले)

कुल 5 डिमेरिट पॉइंट जमा होने की वजह से नियम के तहत उन पर एक मैच का ऑटोमैटिक बैन लग गया।

हार्दिक पंड्या के क्लब में शामिल हुए डेविड
आईपीएल के इतिहास में टिम डेविड ऐसे दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन पर सीजन के अंत में बैन लगा और उसकी सजा उन्हें अगले साल भुगतनी पड़ेगी। इससे पहले साल 2024 के सीजन में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या को लगातार तीसरी बार स्लो ओवर रेट का दोषी पाया गया था, जिसके कारण उन पर एक मैच का प्रतिबंध लगा था और वे 2025 के सीजन का पहला मैच नहीं खेल पाए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *