बार-बार बिजली कटौती से परेशान व्यापारी, चेंबर ऑफ कॉमर्स ने विद्युत विभाग को सौंपा ज्ञापन

भानुप्रतापपुर। नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स भानुप्रतापपुर ने विद्युत विभाग के खिलाफ नाराजगी जताते हुए कार्यपालन अभियंता, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड को ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापन में बताया गया है कि भानुप्रतापपुर नगर और आसपास के क्षेत्रों में बिना पूर्व सूचना के बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे आम जनता, व्यापारी वर्ग, विद्यार्थियों तथा विभिन्न संस्थानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारिक प्रतिष्ठानों में कंप्यूटर, इंटरनेट एवं अन्य विद्युत आधारित उपकरणों के संचालन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है, जिससे व्यावसायिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। साथ ही विद्युत उपकरणों के खराब होने की आशंका भी बनी रहती है।

चेंबर ऑफ कॉमर्स ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली गुल होने से आम नागरिकों को भी दैनिक कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बिजली आपूर्ति व्यवस्था में आवश्यक सुधार कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा यदि किसी कारणवश बिजली कटौती आवश्यक हो तो इसकी पूर्व सूचना आम जनता और व्यापारियों को उपलब्ध कराई जाए।

चेंबर ऑफ कॉमर्स पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि विभाग जनहित और व्यापारिक हितों को ध्यान में रखते हुए समस्या के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक कदम उठाएगा।

इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष प्रदीप जैन, जिला मंत्री राकेश रामानी,भानुप्रतापपुर इकाई अध्यक्ष यश कथूरिया ,महामंत्री नमन झाबक जैन, कोषाध्यक्ष आनंद जैन, नारायण पाढ़ी, विजय बरडिया, कपूरचंद बागरेचा, एज़ाज़ रिजवी, लक्ष्मण माखीजा, प्रदीप नवलानी, डेविड देवांगन, विवेक गुप्ता, मोंटी कुलदीप, अनूप दास, राहुल रामानी सहित अन्य व्यापारी एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *