सराफा दुकान में हाथ साफ करने वाली दो महिलाएं महज 30 मिनट में गिरफ्तार, शत-प्रतिशत आभूषण बरामद

बैकुण्ठपुर कोरिया।
कोरिया पुलिस ने तत्परता और पेशेवर कार्यशैली का परिचय देते हुए सराफा बाजार में हुई चोरी की एक वारदात को महज आधे घंटे के भीतर सुलझा लिया है। बैकुण्ठपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का 100 प्रतिशत माल बरामद करने में सफलता हासिल की है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 28 मई 2026 को बैकुण्ठपुर स्थित सराफा बाजार की एक ज्वेलरी दुकान में दो महिलाएं ग्राहक बनकर घुसीं। चकमा देकर उन्होंने दुकान से लगभग 62,000 रुपये मूल्य के सोने और चांदी के आभूषण पार कर दिए। घटना का पता चलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोरिया पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। ASP डॉ. सुरेशा चौबे ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और साइबर सेल व थाना पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर घेराबंदी के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी का बारीकी से विश्लेषण किया। आधुनिक तकनीक और त्वरित फील्ड वर्क के तालमेल से पुलिस महज 30 मिनट के भीतर आरोपियों तक पहुँचने में सफल रही।

पुलिस ने केनापारा निवासी दो महिलाओं को हिरासत में लिया खुशबू सोनवानी (19 वर्ष)
सुनीता सोनवानी (35 वर्ष) पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए सभी आभूषण (कीमत लगभग ₹62,000) बरामद कर लिए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना बैकुण्ठपुर में अपराध क्रमांक 171/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(अ) और 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *