इश्क, जेल और मर्डर: जेल से छूटते ही फिर शुरू हुई आशिकी, गुस्से में पति ने पत्थर से कुचल डाला पत्नी के प्रेमी का सिर

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में अवैध संबंधों के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम जामजूनवानी खारापारा में एक शख्स ने अपनी पत्नी के प्रेमी का पत्थर से सिर कुचलकर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए मुख्य आरोपी पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

जेल से छूटने के बाद भी नहीं सुधरा, फिर शुरू हुआ खेल

मृतक की पहचान 34 वर्षीय सुशील खलखो के रूप में हुई है, जिसका गांव की ही एक शादीशुदा महिला के साथ पिछले तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। महिला का पति इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहा था, जिसे लेकर दोनों पक्षों में कई बार विवाद भी हुआ। बात इतनी बढ़ गई थी कि गांव में सामाजिक बैठक (पंचायत) भी बुलाई गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला।

कुछ समय पहले पति की शिकायत पर सुशील को जेल भी जाना पड़ा था। करीब डेढ़ महीने पहले ही वह जमानत पर जेल से छूटकर बाहर आया था, लेकिन बाहर आते ही उसने महिला से दोबारा संपर्क साध लिया। प्रेमी की इसी हिमाकत ने पति के सब्र का बांध तोड़ दिया।

रात के अंधेरे में आंगन में घेरा, फिर भारी पत्थर से किया वार

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की देर रात करीब 11 बजे सुशील खलखो अपने घर के आंगन में अकेला बैठा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे आरोपी पति जयलाल एक्का, अपने साथी जयमन एक्का और एक नाबालिग को लेकर वहां धमक पड़ा। आरोपियों ने पहले तो सुशील को बुरी तरह पीटा और फिर पास में ही रखा एक भारी-भरकम पत्थर उसके सिर पर दे मारा। चोट इतनी गंभीर थी कि सुशील ने मौके पर ही तड़प-तड़पकर दम तोड़ दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी वहां से रफूचक्कर हो गए।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई, सलाखों के पीछे पहुंचे आरोपी

हत्या की भनक लगते ही पत्थलगांव थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे अपनी टीम और फोरेंसिक (FSL) एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और संदेहियों की तलाश शुरू की।

कड़ाई से पूछताछ करने पर मुख्य आरोपी जयलाल एक्का ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि बार-बार समझाने के बाद भी उसकी पत्नी और सुशील अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे थे, जिसके कारण उसने खूनी साजिश रची। पुलिस ने जयलाल एक्का (34), जयमन एक्का (36) और एक 17 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना पत्थर भी बरामद कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *