भिलाई स्टील प्लांट में करोड़ों की सेंध: 3 करोड़ का लौह स्क्रैप चोरी, 250 टन लोहे और भारी वाहनों के साथ 4 आरोपी गिरफ्तार

भिलाई: भिलाई स्टील प्लांट (BSP) से करोड़ों रुपये का लौह स्क्रैप चोरी करने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का पुरानी भिलाई पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से करीब 250 टन चोरी का लोहा और वारदात में इस्तेमाल की जा रही कई भारी गाड़ियाँ और मशीनें जब्त की गई हैं। जब्त किए गए स्क्रैप की कुल कीमत करीब 3 करोड़ 22 लाख रुपये आंकी गई है।

डस्ट के नीचे छिपाकर रखा था करोड़ों का लोहा

भिलाई-3 थाना पुलिस को 26 मई को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि ग्राम अकलोरडीह खदानपारा स्थित ‘एके ट्रेडर्स’ (एचआईए हथखोज) के गोदाम में भारी मात्रा में संदिग्ध स्क्रैप छुपाकर रखा गया है। एसएसपी विजय अग्रवाल के निर्देश पर तुरंत एक विशेष टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान पुलिस उस वक्त हैरान रह गई जब एक हाईवा गाड़ी में फ्लू डस्ट (राख जैसी धूल) के नीचे लोहे की कीमती प्लेट और बीम कटिंग को छिपाकर रखा गया था। वहीं एक अन्य ट्रक भी पूरी तरह से स्क्रैप से लोड मिला।

जेसीबी, हाइड्रा और ट्रक समेत भारी मशीनें जब्त

पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए गोदाम से करीब 250 टन लोहे की प्लेट और बीम कटिंग बरामद की। इसके साथ ही चोरी के इस बड़ खेल में इस्तेमाल किए जा रहे दो बड़े ट्रक, एक जेसीबी, एक हाइड्रा गाड़ी और कटर समेत अन्य क्रेन मशीनें जब्त की हैं। जब गोदाम में मौजूद लोगों से इस भारी-भरकम स्क्रैप के परिवहन और खरीदी-बिक्री से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई भी वैध कागजात पेश नहीं कर सके।

4 आरोपी दबोचे गए, ट्रांसपोर्टर और गोदाम संचालक फरार

वैध दस्तावेज न मिलने पर पुलिस ने चोरी का माल जब्त कर तत्काल चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मीथेन ठाकुर, चिंतानंद साहू, गीतेश वर्मा और निर्मल सिंह के रूप में हुई है। हालांकि, इस पूरे रैकेट का मुख्य किरदार और ट्रांसपोर्टर संजय सिंह व गोदाम संचालक मोहम्मद सलीम पुलिस की छापेमारी से पहले ही फरार होने में कामयाब रहे। पुलिस मामला दर्ज कर दोनों फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *