Hamirpur Bridge Collapse: बेतवा नदी पर बन रहे 90 करोड़ के पुल का स्लैब गिरा, 6 मजदूरों की मौत

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में शुक्रवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में 6 मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। SDRF और स्थानीय प्रशासन की टीम पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी रही।

यह हादसा ललपुरा थाना क्षेत्र में मोराकांड और कुरारा के बीच बन रहे पुल पर हुआ। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे तेज आंधी और बारिश के दौरान पुल का स्लैब गिर गया। उस समय कुछ मजदूर ऊपर काम कर रहे थे, जबकि कई मजदूर नीचे सो रहे थे। अचानक सपोर्ट सिस्टम कमजोर पड़ गया और भारी कंक्रीट स्लैब नीचे आ गिरा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा बेहद भयावह था। मलबे में दबे मजदूरों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद पुलिस, प्रशासन और SDRF को सूचना दी गई। जेसीबी मशीनों से मलबा हटाने का काम जारी है। राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

मृतकों की पहचान लोकेंद्र निषाद, कुलदीप निषाद, सावंत यादव, सभाजीत, पुष्पेंद्र सिंह चौहान और राजेश पाल के रूप में हुई है। इनमें चार मजदूर बांदा और दो हमीरपुर जिले के रहने वाले थे। हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

उत्तर प्रदेश ब्रिज कारपोरेशन के MD धर्मवीर सिंह ने बताया कि पुल निर्माण के दौरान लगाए गए स्लैब का सपोर्ट सिस्टम तेज आंधी में हिल गया था। इसी वजह से स्लैब गिरा। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। पुल का थर्ड पार्टी ऑडिट IIT BHU द्वारा किया जा रहा है। करीब 90 करोड़ रुपए की लागत से बन रहा यह दो लेन पुल 700 मीटर लंबा है। इसका निर्माण मार्च 2024 में शुरू हुआ था और दिसंबर 2026 तक पूरा होने की उम्मीद थी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *