सड़क जर्जर: चारामा से चावड़ी होते हुए कोरतरा जाने वाला PWD मार्ग बदहाल, गड्ढों में तब्दील हुई सड़क

​चारामा संवाददाता -अनूप वर्मा

क्षेत्र के ग्रामीण अंचलों को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहे हैं। ऐसा ही एक बदहाल नजारा चारामा से चावड़ी होते हुए कोरतरा जाने वाले PWD सड़क मार्ग पर देखने को मिल रहा है, जो वर्तमान में पूरी तरह से जर्जर हो चुका है। लोक निर्माण विभाग (PWD) की लापरवाही और लंबे समय से मरम्मत न होने के कारण पूरी सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं।
​पैदल चलना भी हुआ दूभर, रेंग रहे हैं वाहन
​सड़क की स्थिति इतनी ऊबड़-खाबड़ हो चुकी है कि यहाँ से चार पहिया वाहनों का गुजरना तो दूर, दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी सफर करना किसी जंग जीतने जैसा है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर इतने गड्ढे हैं कि दोपहिया वाहन को 20 किमी/घंटे की रफ्तार से अधिक पर चलाना सीधे दुर्घटना को आमंत्रण देना है। आए दिन इस मार्ग पर राहगीर अनियंत्रित होकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। प्रशासन की सुस्ती के कारण लोगों का ब्लॉक मुख्यालय तक पहुंचना दूभर हो गया है।
​14 किमी मार्ग के निर्माण का प्रस्ताव अटका, बारिश सिर पर
​इस मार्ग की बदहाली का सबसे बड़ा कारण बीते कुछ वर्षों से इसका संधारण (मरम्मत) कार्य न होना है। अब जबकि कुछ ही दिनों में बारिश का मौसम शुरू होने वाला है, ग्रामीणों की चिंताएं और बढ़ गई हैं। बारिश के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से यह मार्ग पूरी तरह से दलदल और दुर्घटना जन्य क्षेत्र में तब्दील हो जाएगा।
​वर्जन: प्रस्ताव भेजा गया है, जल्द कराएंगे डस्ट-मुरम फिलिंग: प्रभारी SDO
​”शासन को पिछले वित्तीय वर्ष में इस लगभग 14 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण और नए निर्माण हेतु प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है, लेकिन वर्तमान तक इसकी स्वीकृति प्राप्त नहीं हो पाई है। चूंकि अब बारिश लगने वाली है, इसलिए फिलहाल नई स्वीकृति मिलना मुश्किल लग रहा है। मगर ग्रामीणों की सहूलियत को देखते हुए विभाग द्वारा जल्द ही इस मार्ग के गड्ढों में डस्ट और मुरम फिलिंग (पैच वर्क) का कार्य कराया जाएगा, ताकि आम राहगीरों को आवागमन में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।”

  • युवराज सलाम, प्रभारी SDO (पीडब्ल्यूडी विभाग)
    ​ग्रामीणों ने मांग की है कि विभाग कागजी प्रस्तावों से हटकर धरातल पर जल्द से जल्द काम शुरू करे, ताकि बारिश के महीनों में क्षेत्र का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय से न टूटे।
    ​- ब्यूरो रिपोर्ट, जनधारा न्यूज (अनुप वर्मा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *