‘पद्म पुरस्कार-2027 के लिए नामांकन शुरू, गुमनाम प्रतिभाओं को मिलेगा राष्ट्रीय सम्मान’

31 मई तक प्रस्ताव उपलब्ध कराने की अंतिम तिथि

कोरिया 28 मई 2026
छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने पद्म पुरस्कार-2027 के लिए योग्य एवं उत्कृष्ट व्यक्तियों से नामांकन और अनुशंसाएँ आमंत्रित की हैं। पद्म पुरस्कार देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में शामिल हैं, जिनकी स्थापना वर्ष 1954 में की गई थी। यह सम्मान कला, साहित्य एवं शिक्षा, खेल, चिकित्सा, समाज सेवा, विज्ञान एवं इंजीनियरिंग, लोक सेवा, व्यापार एवं उद्योग सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशिष्ट एवं असाधारण योगदान देने वाले व्यक्तियों को प्रदान किया जाता है।

शासन द्वारा जारी निर्देशों में कहा गया है कि इन पुरस्कारों के माध्यम से समाज के उन गुमनाम और अनछुए नायकों को पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है, जो निस्वार्थ भाव से समाज और राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रहे हैं। विशेष रूप से महिलाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांगजन, कमजोर वर्गों तथा दूरस्थ ग्रामीण एवं वनांचल क्षेत्रों में कार्यरत प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें आगे लाने पर जोर दिया गया है।

सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया है कि सरकारी कार्यालयों के सूचना पटल के माध्यम से नामांकन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उनके नामांकन प्रस्ताव अनुशंसा सहित शासन को भेजे जाएँ। निर्देशों के अनुसार पद्म पुरस्कारों के लिए नामांकन केवल भारत सरकार के राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in पर ही स्वीकार किए जाएंगे। वहीं पुरस्कारों से संबंधित नियम एवं दिशा-निर्देश padmaawards.gov.in
पर उपलब्ध हैं।

भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि पुरस्कार के लिए चयन का आधार व्यक्ति की आजीवन उपलब्धियाँ, उत्कृष्ट सार्वजनिक सेवा और समाज में उनका असाधारण योगदान होगा। सरकारी उपक्रमों में कार्यरत कर्मचारियों सहित सामान्य शासकीय सेवक, डॉक्टरों और वैज्ञानिकों को छोड़कर, पद्म पुरस्कारों के पात्र नहीं होंगे।

भारत सरकार द्वारा गणतंत्र दिवस 2027 के अवसर पर घोषित किए जाने वाले पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री पुरस्कारों हेतु ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया 15 मार्च 2026 से प्रारंभ हो चुकी है।ऑनलाइन नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।

राज्य शासन ने जिला स्तर पर योग्य प्रतिभाओं की पहचान कर समय-सीमा में प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए हैं, ताकि छत्तीसगढ़ की उत्कृष्ट प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल सके। कोरिया जिले के अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य ने जानकारी दी है कि पुरस्कार के लिए निर्धारित पात्रता एवं मापदंड के अनुरूप स्प्ष्ट अनुशंसा सहित योग्य, पात्र व्यक्तियों के नामांकन का प्रस्ताव जिला स्तर पर संबंधित अधिकारियों को 31 मई 2026 तक प्रस्ताव उपलब्ध कराएं ताकि समय-सीमा में उत्कृष्ट प्रतिभाओं का चयन राष्ट्रीय स्तर पर हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *