छत्तीसगढ़ में अगले 2 दिन और बढ़ेगी गर्मी, रायपुर समेत कई जिलों में लू का अलर्ट, फिर बदलेगा मौसम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के कई इलाकों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। खासकर रायपुर समेत मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में तेज गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि इसके बाद मौसम बदलने के संकेत भी मिले हैं। विभाग ने आंधी, तेज हवा और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

पिछले 24 घंटे के दौरान दुर्ग प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 45.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। राजधानी रायपुर में भी भीषण गर्मी और उमस का असर बना रहा। बुधवार शाम अचानक चली तेज आंधी से देवपुरी इलाके में बिजली का पोल गिर गया, जिससे कुछ देर के लिए बिजली व्यवस्था प्रभावित रही।

भीषण गर्मी का असर अब इंसानों के साथ वन्यजीवों पर भी दिखाई देने लगा है। खैरागढ़ जिले के दल्लीखोली-लछना जंगल में लू की वजह से मोर, सिवेट और कई अन्य वन्यजीवों की मौत की खबर सामने आई है। वहीं कांकेर जिले के सरोना क्षेत्र में हीटवेव के कारण सैकड़ों चमगादड़ों के मरने की जानकारी मिली है।

मौसम विभाग के मुताबिक 29 मई के बाद प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल सकता है। कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इससे तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

रायपुर में गुरुवार को भी हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। शहर का अधिकतम तापमान 45 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *