धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के नगरी नगर पंचायत में भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी के आरोपों को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। नगर पंचायत की भाजपा समर्थित सभापति विनीता कोठारी ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) यशवंत वर्मा के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए उन पर 30 प्रतिशत कमीशन मांगने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। सभापति का दावा है कि पार्षद निधि जारी करने के एवज में इस मोटी रकम की मांग की जा रही है और बात न मानने पर पिछले एक साल से विकास कार्यों का पैसा रोक दिया गया है, जिससे पूरे क्षेत्र में विकास कार्य ठप हैं।
इस प्रशासनिक तकरार के बीच सभापति ने विरोध का बेहद अनोखा रास्ता चुना। वे हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर सड़क पर उतर आईं और बॉलीवुड के मशहूर गाने “पैसा बोलता है, यह दुनिया है कालाबाजार” की धुन पर अनोखा प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है। सभापति विनीता कोठारी का कहना है कि उन्होंने इसकी शिकायत पहले “सुशासन तिहार” के मंच से उच्च अधिकारियों से भी की थी, लेकिन जब कोई सुनवाई नहीं हुई तो उन्हें मजबूरन सड़क पर उतरना पड़ा। उन्होंने अब CMO की संपत्ति और उनके कार्यकाल में हुए सभी कामों की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
वहीं दूसरी तरफ, इन गंभीर आरोपों पर पलटवार करते हुए CMO यशवंत वर्मा ने इन्हें पूरी तरह झूठा और निराधार बताया है। उनका कहना है कि सभापति नियमों और तय गाइडलाइंस के बाहर जाकर उन कामों को पास कराने का दबाव बना रही थीं, जो स्वीकृत कार्ययोजना का हिस्सा ही नहीं हैं। नियमों के खिलाफ जाकर काम करना संभव नहीं है, इसलिए उनके ऊपर लगाए जा रहे सभी आरोप बेबुनियाद हैं। बहरहाल, इस अनोखे प्रदर्शन और आर-पार की जंग के बाद स्थानीय राजनीति गरमा गई है और आम जनता के बीच भी निष्पक्ष जांच की मांग तेज होने लगी है।