विकास अग्रवाल, पिथौरा। इस तपती और झुलसाने वाली गर्मी में राहगीरों और आम जनता को ठंडा पानी मुहैया कराने के लिए मारवाड़ी युवा मंच पिथौरा ने एक बहुत ही नेक काम किया है। मंच की तरफ से इलाके के सबसे व्यस्त रहने वाले लहारोद चौक स्थित जनसंपर्क कार्यालय में ‘अमृतधारा’ वाटर कूलर और सार्वजनिक प्याऊ का उद्घाटन किया गया है। अब यहां से गुजरने वाले सैकड़ों मुसाफिरों और ग्रामीणों को अपनी प्यास बुझाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

प्यासे को पानी पिलाने से बड़ा कोई पुण्य नहीं: सुमित अग्रवाल
इस सेवा कार्य की शुरुआत मुख्य अतिथि और बसना के पूर्व नगर पंचायत उपाध्यक्ष सुमित अग्रवाल, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष वेदप्रकाश गोयल और विधायक प्रतिनिधि अनूप अग्रवाल की मौजूदगी में हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सुमित अग्रवाल ने कहा कि इंसानियत की सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। इस भीषण गर्मी में किसी प्यासे को ठंडा पानी पिलाने से बड़ा कोई पुण्य का काम नहीं हो सकता। मंच ने इस व्यस्त चौराहे पर वाटर कूलर लगाकर लोगों की बहुत बड़ी चिंता दूर कर दी है।
इंसानों के साथ मूक पशु-पक्षियों की भी चिंता
मारवाड़ी युवा मंच और उदय शाखा ने इस बार सिर्फ इंसानों के लिए ही नहीं, बल्कि बेजुबान जानवरों और पक्षियों के लिए भी दया की मिसाल पेश की है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए संस्था के साथियों ने लहारोद चौक के पास आवारा गायों के लिए चारा और पानी की व्यवस्था करते हुए ‘कोटना’ (नाद) रखवाया है। इसके साथ ही, आसमान में उड़ने वाले परिंदों को प्यास से बचाने के लिए स्थानीय लोगों को मुफ़्त में बर्ड फीडर और सकोरे बांटे गए, ताकि लोग इन्हें अपने घरों की छतों और बाल्कनी में टांग सकें।
हर मोर्चे पर सेवा के लिए तैयार रहता है मंच: सौरभ ‘मोनू’
मंच के अध्यक्ष सौरभ अग्रवाल ‘मोनू’ ने बताया कि उनकी संस्था हमेशा सामाजिक और सेवा कार्यों में आगे रहती है। चाहे इंसानों की मदद हो या पर्यावरण और जीव-जंतुओं की सुरक्षा, मंच के युवा हमेशा तैयार रहते हैं। पिछले कई महीनों से संस्था लगातार गौ सेवा का काम भी कर रही है। इस दौरान सचिव बजरंग अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, राजेश गोयल, संजय गोयल और संदीप अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के कई गणमान्य नागरिक और संस्था के सदस्य भारी संख्या में मौजूद रहे।