लखनपुर में आतंकवाद विरोध दिवस के रूप में मनाई गई राजीव गांधी की पुण्यतिथि, कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने ली शपथ

लखनपुर।

सरगुजा जिले के लखनपुर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से आज पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न राजीव गांधी की पुण्यतिथि को ‘आतंकवाद विरोध दिवस’ के रूप में मनाया गया। दोपहर ठीक 12 बजे स्थानीय कांग्रेस कार्यालय में सभी कांग्रेसी पदाधिकारी और कार्यकर्ता इकट्ठा हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के छायाचित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और देश के लिए दिए गए उनके बलिदान को याद किया।

संचार क्रांति के जनक थे राजीव गांधी: अमित सिंह देव

कार्यक्रम के दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अमित सिंह देव ने राजीव गांधी के जीवन और देश के विकास में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज हम जिस आधुनिक भारत में जी रहे हैं, उसकी नींव राजीव गांधी ने ही रखी थी। देश में कंप्यूटर, सूचना प्रौद्योगिकी (IT) और संचार क्रांति लाने का पूरा श्रेय उन्हीं को जाता है। उन्होंने युवाओं को 18 वर्ष में मतदान का अधिकार देकर राजनीति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की थी।

कार्यकर्ताओं ने ली आतंकवाद विरोधी शपथ

श्राद्धंजलि सभा के बाद ब्लॉक अध्यक्ष अमित सिंह देव ने कार्यालय में मौजूद सभी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को आतंकवाद विरोधी शपथ दिलाई। उन्होंने सभी से देश में शांति, भाईचारा बनाए रखने और हिंसा व आतंकवाद के खिलाफ एकजुट होकर खड़े रहने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं ने भी देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में ये कांग्रेसी नेता रहे मौजूद

इस गरिमामय अवसर पर कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस सदस्य विक्रमादित्य सिंह देव, वीरेंद्र सिंह देव, मंडल अध्यक्ष रमेश जायसवाल, जागरोपन यादव, अजर राम चौधरी, देवनारायण सिंह, शराफत अली और जसीमुद्दीन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के कांग्रेसी कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर देश के पूर्व प्रधानमंत्री को नमन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *