संगम क्रिकेट लीग” में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन ने हासिल की शानदार जीत
पिथौरा। पीसीए (पिथौरा क्रिकेट एकेडमी) के तत्वावधान में आयोजित “संगम क्रिकेट लीग” के अंतर्गत पत्रकारों के बीच खेले गए मैत्री क्रिकेट मुकाबले में रोमांच, जोश और खेल भावना का शानदार संगम देखने को मिला। कार्यक्रम में बतौर अतिथि वरिष्ठ पत्रकार रजिंदर खनूजा, जाकिर कुरैशी, पवन गुप्ता एवं ऋषिकेश शुक्ला उपस्थित रहे। अतिथियों ने सर्वप्रथम खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया तथा टॉस प्रक्रिया संपन्न कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार रजिंदर खनूजा ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह एक बहुत ही सराहनीय पहल है। आज सभी पत्रकार क्रिकेट के मैदान में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि वरिष्ठ पत्रकार मंच से इस आयोजन की गरिमा बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी भाईचारा, एकता और सौहार्द को मजबूत करने का कार्य करते है।

मुकाबले में छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन की कप्तानी बलराज नायडू ने संभाली, वहीं श्रमजीवी पत्रकार संघ की कमान स्वप्निल तिवारी के हाथों में रही। दोनों कप्तानों के नेतृत्व में खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय दिया। श्रमजीवी पत्रकार संघ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया।
श्रमजीवी पत्रकार संघ की ओर से बल्लेबाजी की शुरुआत करने उतरे सौरभ अग्रवाल और राजा उपाध्याय ने टीम को सधी हुई शुरुआत दिलाई। सौरभ अग्रवाल ने शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 38 गेंदों में 74 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी बेहतरीन बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने निर्धारित 10 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 97 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
98 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। विकास अग्रवाल और उमाशंकर की सलामी जोड़ी ने तेज गति से रन बनाकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। विकास अग्रवाल ने 17 गेंदों में 27 रन बनाए, वहीं उमाशंकर ने केवल 10 गेंदों में 26 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर मैच का रुख बदल दिया।
विशेष रूप से विकास अग्रवाल ने पारी को अंत तक संभाले रखा और जिम्मेदार बल्लेबाजी करते हुए टीम को जीत की ओर अग्रसर किया। उनकी संयमित और रणनीतिक बल्लेबाजी ने लक्ष्य तक पहुंचने की मजबूत नींव रखी।
तेज बल्लेबाजी और शानदार तालमेल के दम पर छत्तीसगढ़ जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन ने महज 7.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। मैच का विजयी चौका गोविंद शर्मा ने लगाकर टीम को शानदार जीत दिलाई। जीत के बाद खिलाड़ियों और पत्रकार साथियों ने मैदान में उत्साहपूर्वक जश्न मनाया।
मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उमाशंकर को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। उन्होंने 26 रन बनाने के साथ गेंदबाजी में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मात्र 11 रन देकर एक विकेट हासिल किया।
इस अवसर पर जर्नलिस्ट वेलफेयर यूनियन के कप्तान बलराज नायडू ने सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उनके नेतृत्व, मार्गदर्शन और प्रेरणा से टीम ने यादगार जीत दर्ज की। खिलाड़ियों ने भी इस जीत का श्रेय टीम भावना और कप्तान के नेतृत्व को दिया।
इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में पीसीए के संयोजक मनमीत छाबड़ा, दुर्गेश सोनी और सुनील यादव सहित पूरी पीसीए टीम की विशेष एवं महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजन समिति एवं खिलाड़ियों ने उनके सहयोग और योगदान की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।