बस्तर में NH-30 पर भीषण हादसा: अनियंत्रित होकर पलटी रॉयल ट्रेवल्स की बस, दोरनापाल में पदस्थ शिक्षिका की मौत, 15 यात्री घायल



जगदलपुर। बस्तर जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-30 पर एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला है। यहाँ एक तेज रफ्तार यात्री बस अचानक बेकाबू होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में बस में सवार एक शिक्षिका की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में बैठे करीब 15 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिसे क्रेन और जेसीबी की मदद से हटाया गया।

रायपुर से कोंटा जा रही थी बस, बालेंगा के पास पलटी

मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुखद दुर्घटना भानपुरी थाना क्षेत्र के बालेंगा कोसा सेंटर के पास हुई है। रॉयल ट्रेवल्स की एक यात्री बस रायपुर से सवारियां लेकर कोंटा की तरफ जा रही थी। जैसे ही बस बालेंगा कोसा सेंटर के पास पहुंची, चालक गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा। रफ्तार तेज होने के कारण बस सड़क पर ही पलट गई। हादसा होते ही चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने तुरंत इस घटना की सूचना स्थानीय पुलिस और एम्बुलेंस को दी।

कवर्धा की रहने वाली शिक्षिका ने मौके पर तोड़ा दम

इस भीषण सड़क हादसे में मृत महिला की पहचान पद्मनी चंद्रवंशी के रूप में हुई है। पद्मनी मूल रूप से कवर्धा जिले की रहने वाली थीं और वर्तमान में सुकमा जिले के दोरनापाल में शिक्षिका के पद पर पदस्थ थीं। वे बस में सफर कर रही थीं और गंभीर चोट आने की वजह से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल अन्य 15 यात्रियों को तुरंत 108 एम्बुलेंस और कुछ निजी वाहनों की मदद से जगदलपुर के डिमरापाल मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।

JCB से बस को हटाया, जांच में जुटी पुलिस

हादसे के बाद नेशनल हाईवे-30 पर दोनों तरफ से गाड़ियों की लंबी कतारें लग गई थीं। मौके पर पहुंची भानपुरी थाना पुलिस ने बिना वक्त गंवाए जेसीबी मशीन बुलवाई। बस को बीच सड़क से हटाकर किनारे किया गया, जिसके बाद जाकर यातायात दोबारा सुचारू रूप से शुरू हो सका। पुलिस ने मृतिका के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को भी हादसे की खबर दे दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के असली कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *