कनाडा भेजने के नाम पर 1.83 करोड़ की ठगी, दिल्ली पुलिस ने वीजा फ्रॉड आरोपी को दबोचा

New Delhi। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की साइबर सेल ने एक बड़े वीजा फ्रॉड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर कनाडा भेजने और बिजनेस निवेश के जरिए इमिग्रेशन दिलाने का झांसा देकर महिला से करीब 1.83 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है।

पुलिस के मुताबिक मामला कोविड-19 की पहली लहर के बाद का है। बेहतर भविष्य और नौकरी की तलाश में महिला कनाडा जाना चाहती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात पंजाब के डेराबस्सी निवासी धर्मिंदर शर्मा से हुई। आरोपी ने खुद को एक इमिग्रेशन कंसल्टेंसी कंपनी का डायरेक्टर (ऑपरेशंस) बताया और कनाडा इमिग्रेशन का बड़ा विशेषज्ञ बताकर महिला का भरोसा जीत लिया।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने महिला को कनाडा की बिजनेस निवेश योजना में शामिल कराने का झांसा दिया। इसके तहत उसने महिला से 2.50 लाख कैनेडियन डॉलर निवेश के नाम पर लिए। साथ ही प्रोफेशनल फीस के तौर पर 45 हजार कैनेडियन डॉलर भी वसूले। कुल मिलाकर आरोपी ने करीब 1.83 करोड़ रुपये हासिल कर लिए।

आरोपी ने दावा किया था कि इस निवेश के जरिए महिला को कनाडा में वर्क परमिट, बिजनेस ओनरशिप और इमिग्रेशन की सुविधा मिलेगी। महिला का भरोसा जीतने के लिए कुछ फर्जी दस्तावेज भी तैयार किए गए। इनमें दिखाया गया कि महिला कनाडा की एक हॉस्पिटैलिटी कंपनी में डायरेक्टर या शेयरहोल्डर बनने वाली है।

हालांकि पुलिस जांच में पता चला कि महिला का नाम कभी भी कंपनी के आधिकारिक रिकॉर्ड में शामिल नहीं किया गया। कंपनी की मालिकाना हक दूसरे लोगों के पास ही रहा।

पुलिस के अनुसार विदेशी खातों में पैसा आने के बाद आरोपी ने रकम को बिजनेस में लगाने के बजाय अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिया। कई बार वीजा आवेदन खारिज होने के बावजूद आरोपी महिला को झूठे आश्वासन देता रहा।

दिल्ली पुलिस ने आरोपी के पास से एक लैपटॉप भी बरामद किया है। इसमें ईमेल, बैंक ट्रांजैक्शन, इमिग्रेशन दस्तावेज और सोशल मीडिया चैट जैसे कई अहम डिजिटल सबूत मिलने की संभावना है।

English Keywords: Canada Visa Fraud, Delhi Cyber Cell, Immigration Scam, Visa Fraud Case, Delhi Crime Branch, Canada Immigration Fraud, Cyber Crime News, Dharminder Sharma Arrested

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *