नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के पति और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा (Robert Vadra) को देश की राजधानी से एक बहुत बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट (Rouse Avenue Court) ने शिकोहपुर लैंड डील मनी लॉन्ड्रिंग मामले में वाड्रा को जमानत दे दी है। कोर्ट के इस फैसले के बाद वाड्रा के चेहरे पर राहत साफ नजर आई। अदालत से बाहर निकलते ही उन्होंने मीडिया से मुस्कुराते हुए कहा, “सब ठीक है, आप सभी का धन्यवाद।”
‘सरकार के इशारे पर काम कर रही है ईडी’
अदालत से जमानत मिलने के बाद रॉबर्ट वाड्रा ने प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी (ED) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, “मुझे इस देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। लेकिन यह भी सच है कि ईडी को पूरी तरह सरकार मैनेज कर रही है। जांच एजेंसियां सिर्फ केंद्र सरकार के इशारे पर ही काम कर रही हैं, जो कि बिल्कुल भी सही नहीं है।”
‘मैं यहीं हूँ, हर सवाल का जवाब देने को तैयार’
वाड्रा ने कड़े लहजे में कहा कि वे जांच से भागने वाले नहीं हैं। उन्होंने मीडिया के सामने दावा किया, “मैं यहीं देश में हूँ और मेरे पास छिपाने के लिए कुछ भी नहीं है। मैं हमेशा एजेंसियों के सामने रहूँगा और उनके हर सवाल का डटकर जवाब दूँगा। कोर्ट की जो भी कानूनी औपचारिकताएं (Formalities) होंगी, मैं उन्हें पूरी जिम्मेदारी से पूरा करूँगा।”
सियासी जीत और परिवार की लोकप्रियता का मिल रहा फल
राजनीति और अपने परिवार का जिक्र करते हुए वाड्रा ने कहा कि जब-जब कांग्रेस चुनाव जीतती है या अच्छा प्रदर्शन करती है, तब-तब उन्हें निशाना बनाया जाता है। उन्होंने कहा, “अगर लोग आज भी मेरे परिवार (गांधी परिवार) को प्यार करते हैं, तो बाय डिफॉल्ट इस तरह की दिक्कतों का सामना मुझे ही करना पड़ेगा। लेकिन मुझमें इन सब चीजों से लड़ने का पूरा दम है। मैं किसी से डरता नहीं हूँ।”