मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता Javed Jaffrey की पत्नी Habiba Jaffrey के साथ करोड़ों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। संपत्ति निवेश और मोटे मुनाफे का झांसा देकर उनसे करीब 17.5 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी किए जाने का आरोप लगा है। मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बड़ा एक्शन लेते हुए विवादित सहायक नगर आयुक्त महेश पाटील, कारोबारी निशित पटेल और अन्य लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
पुलिस ने आरोपी निशित पटेल को गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट ने उसे 19 तारीख तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है।
संपत्ति निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी
क्राइम ब्रांच के मुताबिक, आरोपियों ने पहले भरोसा जीतकर निवेश का प्रस्ताव दिया। इसके बाद अलग-अलग संपत्ति सौदों और बड़े रिटर्न का लालच देकर करोड़ों रुपये हासिल किए गए। जांच में फर्जी दस्तावेज और गलत जानकारी के इस्तेमाल की आशंका भी सामने आई है।
पुलिस का कहना है कि लेन-देन को वैध दिखाने के लिए कई दस्तावेज तैयार किए गए थे। अब इन दस्तावेजों की जांच की जा रही है। बैंक ट्रांजैक्शन और डिजिटल रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
विवादित अधिकारी पर भी शिकंजा
मामले में नाम आने के बाद सहायक नगर आयुक्त महेश पाटील भी जांच के दायरे में आ गए हैं। पुलिस को शक है कि इस पूरे नेटवर्क में तीन से चार अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल कई संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
बड़े ठगी रैकेट की जांच
क्राइम ब्रांच अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं यह कोई संगठित ठगी गिरोह तो नहीं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि क्या अन्य निवेशकों को भी इसी तरह निशाना बनाया गया था।
इस हाई-प्रोफाइल मामले के सामने आने के बाद मुंबई के रियल एस्टेट और निवेश सेक्टर में हड़कंप मच गया है। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की परतें खोलने में जुटी हैं।