आईजी ने गठित की तीन सदस्यीय जांच टीम,टुनटुन दाबेली वाले की मौत पर बढ़ा विवाद,पत्नी का बयान आया सामने

हिंगोरा सिंह ••

अंबिकापुर। शहर के मिशन चौक स्थित फेमस टुनटुन दाबेली संचालक अमन ओझा की संदिग्ध मौत के मामले ने अब तूल पकड़ लिया है।
परिजनों और हिंदू संगठनों द्वारा लगातार हत्या की आशंका जताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा आईजी दीपक झा ने तीन सदस्यीय विशेष जांच टीम गठित कर दी है।

बताया जा रहा है कि कोतवाली थाना क्षेत्र निवासी अमन ओझा ने कुछ समय पहले आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी का संबंध एक मुस्लिम युवक से है।
अमन का कहना था कि विरोध करने पर संबंधित युवक द्वारा उन्हें जान से मारने की धमकी दी जा रही थी।
इस मामले में उन्होंने हिंदू संगठनों से भी मदद मांगी थी और पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया था।

इसी बीच 10 मई को झारखंड के रंका थाना क्षेत्र में अमन ओझा का शव बरामद किया गया।
वहीं उनकी बुलेट मोटरसाइकिल छत्तीसगढ़-झारखंड बॉर्डर के पास मिली थी।
शव की पहचान अमन ओझा के रूप में होने के बाद परिजनों और हिंदू संगठनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग शुरू कर दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए सरगुजा आईजी दीपक झा ने जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया है।
इस टीम में (सी. एस. पी.) राहुल बंसल, अंबिकापुर कोतवाली थाना प्रभारी और बलरामपुर जिले के रामानुजगंज थाना प्रभारी को शामिल किया गया है।

वहीं मृतक की पत्नी ने मीडिया से बातचीत में किसी भी मुस्लिम युवक से संबंध होने की बात से इनकार किया है।
उन्होंने कहा कि जब उनके पति का वीडियो वायरल हो रहा था, तभी पुलिस को मामले की गंभीरता से जांच करनी चाहिए थी।
पत्नी ने भी अपने पति की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है।
फिलहाल पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *