रायपुर।
छत्तीसगढ़ के नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और आने वाले दिनों में भी ईंधन की कोई कमी नहीं होगी। खाद्य सचिव रीना कंगाले ने स्पष्ट किया है कि राज्य के पास पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है, इसलिए लोगों को घबराने या पैनिक खरीदी करने की कतई जरूरत नहीं है।
भंडार में है हजारों किलोलीटर तेल
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, वर्तमान में प्रदेश के पास 45,474 किलोलीटर पेट्रोल और 84,654 किलोलीटर डीजल का सुरक्षित स्टॉक है। राज्य के कुल 2,516 पंपों पर आपूर्ति निरंतर जारी है। खाद्य सचिव ने बताया कि कुछ जगहों पर ‘ड्राई आउट’ की स्थिति सिर्फ अफवाहों के कारण बढ़ी खपत की वजह से हुई थी, जिसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा।
प्रमुख शहरों की स्थिति
- रायपुर: शहर के 326 पंपों में से केवल 35 अस्थायी रूप से ड्राई हैं, जहाँ जल्द स्टॉक पहुँच रहा है।
- बिलासपुर: यहाँ 156 पंपों में से सिर्फ 13 में तेल खत्म हुआ है, जिसे रीफिल करने की प्रक्रिया जारी है।
अफवाहों पर न दें कान
प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही किल्लत की अफवाहों पर भरोसा न करें। तेल कंपनियां और शासन की टीमें स्थिति पर 24 घंटे नजर रख रही हैं। अनावश्यक भंडारण करने से बचें ताकि व्यवस्था सुचारू बनी रहे।