जांजगीर में सनसनी: एक ही परिवार के 4 लोगों की संदिग्ध मौत, नए मकान में मिली लाशें; रिश्तेदार हिरासत में

जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। नवागढ़ ब्लॉक के ग्राम भवंतरा में एक ही परिवार के चार सदस्यों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात हुई इस घटना ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया है। सुबह जब मिस्त्री काम पर पहुंचा, तब इस खौफनाक मंजर का खुलासा हुआ।

खाट पर बेसुध मिले परिजन

मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक मेदनी प्रसाद कश्यप अपने परिवार के साथ नए मकान का निर्माण करवा रहे थे। काम की देखरेख के लिए परिवार के लोग निर्माणाधीन मकान में ही अस्थायी रूप से ठहरे हुए थे। सुबह जब राजमिस्त्री वहां काम करने पहुंचा, तो उसने देखा कि मेदनी प्रसाद कश्यप, पीताम्बर कश्यप, शांति बाई और कुमारी मोगरा खाट पर बेसुध पड़े हैं। पास जाकर देखने पर पता चला कि उनकी मौत हो चुकी है।

गांव में मचा हड़कंप, पुलिस मौके पर

मिस्त्री ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सरपंच राजाराम कश्यप ने बिना देरी किए पुलिस को सूचना दी। जांजगीर पुलिस की टीम डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंची है। मृतकों के शरीर पर चोट के निशान हैं या यह जहर का मामला है, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

रिश्तेदार ही निकला संदेही?

इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संदेही युवक को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि पकड़ा गया युवक मृतकों का ही करीबी रिश्तेदार है। पुलिस उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है। गांव वालों के बीच जमीन विवाद या आपसी रंजिश की चर्चाएं तेज हैं, हालांकि पुलिस अभी कुछ भी कहने से बच रही है।

मातम में बदला जश्न का माहौल

नया घर बनने की खुशी में डूबे इस परिवार का इस तरह अंत हो जाएगा, यह किसी ने नहीं सोचा था। घटना के बाद से पूरे भवंतरा गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *