बालाघाट: मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। कटंगी थाना क्षेत्र के ग्राम जराहमोहगांव (लाखीटोला) में एक पिता ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में छलांग लगाकर जान दे दी। दिल को झकझोर देने वाली बात यह है कि पिता ने छलांग लगाने से पहले अपने 5 साल के बेटे और 3 साल की बेटी को दुपट्टे से अपनी कमर में बांध लिया था, ताकि वे अलग न हों।
क्या है पूरी घटना?
मृतक की पहचान 36 वर्षीय श्याम नागेंद्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, श्याम मंगलवार शाम करीब 7 बजे अपनी मोटरसाइकिल पर बेटे वंश (5 वर्ष) और बेटी भुवी (3 वर्ष) को लेकर घर से निकला था। जब रात 8 बजे तक वह वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल बंद आने लगा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। तलाश करने पर गांव के बाहर एक कुएं के पास उसकी बाइक खड़ी मिली। अगले दिन बुधवार सुबह जब कुएं में देखा गया, तो तीनों के शव पानी में उतराते मिले।
सोशल मीडिया स्टेटस बना चर्चा का विषय
श्याम नागेंद्र एलआईसी (LIC) ऑफिस में काम करता था, लेकिन बताया जा रहा है कि उसने 8 दिन पहले ही काम छोड़ दिया था। घटना से एक दिन पहले उसने सोशल मीडिया पर एक स्टेटस डाला था, जिसमें लिखा था— “नहीं है जीने की आरजू”। इस स्टेटस के सामने आने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, परिजनों का कहना है कि घर में किसी भी तरह का तनाव या आर्थिक तंगी जैसी बात नहीं थी।
पुलिस कर रही है मामले की जांच
सूचना मिलते ही कटंगी पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन श्याम ने इतना बड़ा और खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसकी गहराई से जांच की जा रही है।
एक हंसता-खेलता परिवार इस तरह खत्म हो जाएगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। फिलहाल पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर किसी की आंखें नम हैं।