बालोद में बड़ा हादसा: सीवरेज खुदाई के दौरान धंसी मिट्टी, मलबे में दबने से महिला समेत 3 मजदूरों की दर्दनाक मौत

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। दल्लीराजहरा में बीएसपी की सीवरेज पाइपलाइन विस्तार कार्य के दौरान मिट्टी धंसने से एक बड़ा हादसा हो गया। इस हादसे में नाली के भीतर काम कर रहे तीन मजदूरों की मलबे में दबने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एक महिला मजदूर भी शामिल है। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसर गया है और सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

फुटबॉल ग्राउंड के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह हादसा दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र के फुटबॉल ग्राउंड स्थित ‘दास पान ठेला’ के सामने हुआ। यहां बीएसपी (BSP) की ओर से सीवरेज पाइपलाइन बिछाने का काम जोर-शोर से चल रहा था। खुदाई के लिए जेसीबी और चेन माउंट मशीनों का उपयोग किया जा रहा था। मजदूर नाली के भीतर पाइप सेट करने और सफाई के काम में जुटे थे, तभी अचानक ऊपर से भारी मात्रा में मिट्टी नीचे धंस गई। मजदूरों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और वे गहरे मलबे के नीचे दब गए।

मदद के लिए दौड़े लोग, मौके पर ही थमी सांसें

मिट्टी धंसते ही वहां काम कर रहे अन्य कर्मचारियों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। शोर सुनकर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम और बीएसपी के बड़े अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। आनन-फानन में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और मलबे को हटाकर मजदूरों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

लापरवाही के लग रहे आरोप, सांसद पहुंचे मौके पर

हादसे की खबर मिलते ही कांकेर लोकसभा सांसद भोजराज नाग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई। बिना किसी सुरक्षा घेरे या मिट्टी रोकने के इंतजाम के इतनी गहरी खुदाई की जा रही थी। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है और मामले की बारीकी से जांच कर रही है कि इस मौत का जिम्मेदार कौन है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *