NEET UG 2026 परीक्षा रद्द, पेपर लीक विवाद के बाद NTA का बड़ा फैसला

देशभर के लाखों छात्रों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA ने NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी है। यह परीक्षा 3 मई 2026 को आयोजित हुई थी। पेपर लीक के आरोपों और बढ़ते विवाद के बाद एजेंसी ने दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया है।

NTA ने मंगलवार को जारी बयान में कहा कि परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। एजेंसी ने साफ किया कि नई परीक्षा तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। एडमिट कार्ड और परीक्षा से जुड़ी बाकी जानकारी भी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होगी।

पेपर लीक मामले की जांच अब CBI को सौंप दी गई है। NTA के मुताबिक 8 मई को ही मामले को केंद्रीय जांच एजेंसियों के पास भेज दिया गया था। इसके बाद मिली रिपोर्ट और इनपुट के आधार पर परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया।

इस मामले में राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप यानी SOG लगातार कार्रवाई कर रही है। अब तक 45 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है। कई राज्यों में छापेमारी और पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां दो बड़े एंगल पर काम कर रही हैं। पहला, पेपर प्रिंटिंग और प्रेस के दौरान लीक हुआ। दूसरा, पेपर सेटिंग से जुड़े किसी व्यक्ति की भूमिका।

इस बार NEET UG परीक्षा में करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने से छात्रों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। सोशल मीडिया पर भी इस फैसले को लेकर लगातार प्रतिक्रिया आ रही है।

विवाद उस समय बढ़ा जब एक कथित गेस पेपर वायरल हुआ। दावा किया गया कि उसमें शामिल 720 में से करीब 600 नंबर के सवाल असली परीक्षा से मेल खा रहे थे। इसके बाद परीक्षा की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे।

NTA ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करें और अफवाहों से बचें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *