प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिकंदराबाद में एक जनसभा के दौरान वैश्विक संघर्षों के बीच देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए नागरिकों से विशेष सहयोग मांगा है। मिडिल ईस्ट और यूक्रेन युद्ध का जिक्र करते हुए पीएम ने जनता से अपील की कि वे कम से कम एक साल तक शादियों के लिए सोना खरीदने से बचें। उन्होंने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में विदेशी मुद्रा बचाना देश के लिए बेहद जरूरी है।
प्रधानमंत्री ने ईंधन की बचत पर जोर देते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के बीच हमें जिम्मेदारी समझनी होगी। उन्होंने कोरोना काल के वर्क फ्रॉम होम और ऑनलाइन मीटिंग्स जैसे विकल्पों को फिर से प्राथमिकता देने का सुझाव दिया ताकि संसाधनों की बचत हो सके। पीएम ने वैश्विक सप्लाई चेन संकट और फर्टिलाइजर की बढ़ती कीमतों का भी उदाहरण दिया। उन्होंने बताया कि दुनिया में खाद की जो बोरी 3000 रुपये में मिल रही है, सरकार उसे भारतीय किसानों को 300 रुपये से भी कम में उपलब्ध करा रही है।