होली पर खूनी खेल खेलने वाला मुख्य आरोपी गिरफ्तार, 2 महीने की फरारी के बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा मनोहर

रमेश गुप्ता भिलाई… होली के दौरान हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार था, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
होली खेलने के दौरान शुरू हुआ विवाद
थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि 4 मार्च 2026 को जैतखाम बी.एम. शाह अस्पताल के पास रहने वाला 24 वर्षीय नंदन कुमार साव अपने दोस्तों के साथ राजीव नगर जैतखाम के पास होली खेल रहा था। इसी दौरान मोहल्ले के रहने वाले अमन और मनोहर वहां पहुंचे और खड़े होने की बात को लेकर विवाद करने लगे।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए प्रार्थी पर ईंट से हमला कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से युवक घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं दो आरोपी
घटना के बाद पीड़ित की शिकायत पर वैशाली नगर थाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी अमन मारकण्डेय और कली उर्फ कली बाई को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था।
प्रकरण का मुख्य आरोपी मनोहर टंडन घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी अपने ठिकाने पर पहुंचा है। सूचना मिलते ही वैशाली नगर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने घटना में शामिल होना स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने 10 मई 2026 को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
ईंट बनी हमले का हथियार
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई ईंट भी जब्त कर ली है। पुलिस के मुताबिक पूरा विवाद होली खेलने के दौरान मामूली कहासुनी से शुरू हुआ था, जो बाद में हिंसक झगड़े में बदल गया।
लगातार निगरानी और दबिश से मिली सफलता
वैशाली नगर पुलिस की टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जानकारी और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।
इलाके में चर्चा का विषय बनी कार्रवाई
होली के दौरान हुई इस घटना ने इलाके में काफी चर्चा बटोरी थी। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *