कांकेर में 17 मई से 24 मई तक होगा भव्य कामधेनु गौ माता कथा एवं देवी भागवत आयोजन

भानुप्रतापपुर। कांकेर में 17 मई से 24 मई तक हृदय स्थल बस स्टैंड (मेलाभाठा) में भव्य कामधेनु गौ माता कथा एवं देवी भागवत का आयोजन किया जाएगा। आयोजन प्रतिदिन शाम 5 बजे से “शिवकृपा तक” चलेगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गौभक्तों, श्रद्धालुओं एवं विभिन्न धार्मिक संगठनों की सहभागिता रहने की संभावना है।
आयोजन समिति के अनुसार कथा एवं धार्मिक अनुष्ठानों का संचालन व्यासपीठ पर विद्धवान धर्मोपदेशक प्रवचनकर्ता भागवताचार्य गौ माता भक्त पंडित देवव्रत शास्त्री जी महाराज द्वारा किया जाएगा। वे सप्तऋषि स्थल नगरी-सिहावा, जिला धमतरी से जुड़े हुए हैं। कार्यक्रम में श्री हरि सत्संग समिति अयोध्या से आई ब्रह्मचारी बहनों द्वारा परिवार कल्याण यज्ञ अनुष्ठान भी संपन्न कराया जाएगा।
आयोजन के अंतर्गत गायत्री परिवार द्वारा कलश यात्रा, देव प्रतिष्ठा, अखण्ड ज्योति एवं प्रातःकालीन अखण्ड दुर्गा चालीसा का आयोजन किया जाएगा। कथा के दौरान गौ माता की महिमा, शिव-पार्वती विवाह, मां शीतला प्रगट्य, तुलसी विवाह, रुखमणी दर्शन, चित्रोत्पला गंगा प्रगट्य, श्रृंगी ऋषि कथा सहित विभिन्न धार्मिक प्रसंगों की दिव्य झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी।
कार्यक्रम में गौ संरक्षण, गौ सेवा एवं वर्तमान समय में गौ हत्या और गौमाता की दुर्दशा जैसे सामाजिक विषयों पर भी धर्मोपदेशकों द्वारा समाज को संबोधित किया जाएगा। समापन दिवस पर पूर्वजों की सद्गति एवं पितरों के आशीर्वाद हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।
आयोजक समिति ने समस्त हिन्दू समाज, गौ भक्तों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *