पंडित प्रदीप मिश्रा की कथा के नाम पर 21 लाख की ठगी: राजनांदगांव में समिति से धोखाधड़ी, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

राजनांदगांव

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में प्रसिद्ध कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा की शिवपुराण कथा आयोजित कराने के नाम पर भारी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। अंबागढ़ चौकी की भोलेनाथ सेवा समिति ने छुरिया ब्लॉक के हालेकोसा निवासी दिनेश साहू पर 21 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।

समिति के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि आरोपी दिनेश साहू ने कथा कराने का झांसा देकर दो किश्तों में कुल 21 लाख रुपये नगद लिए थे। आयोजन की तारीख 8 मई से 14 मई 2026 तय की गई थी। ठगी का खुलासा तब हुआ जब समिति को पता चला कि उन्हीं तारीखों में पंडित प्रदीप मिश्रा का कार्यक्रम झारखंड के रांची में पहले से तय है। आरोपी ने समिति को गुमराह करने के लिए तैयारियां भी शुरू करवा दी थीं और पोस्टर-बैनर तक छपवा दिए थे।

संदेह होने पर जब समिति के सदस्य मध्य प्रदेश के सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम पहुंचे, तो वहां के कार्यालय से स्पष्ट जानकारी मिली कि अंबागढ़ चौकी की कथा के लिए कोई राशि जमा नहीं की गई है। इसके बाद जब आरोपी से पैसे वापस मांगे गए, तो वह लगातार आश्वासन देता रहा लेकिन रकम नहीं लौटाई। पुलिस जांच में ठगी की पुष्टि होने के बाद आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी वही व्यक्ति है जो पूर्व में अपने गांव में कथा का आयोजन करा चुका है, जिससे समिति ने उस पर भरोसा किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *