कोरबा में भीषण सड़क हादसा: पदोन्नति के बाद नई ड्यूटी ज्वाइन करने जा रहे एसईसीएल के पूर्व जीएम की मौत

कोरबा

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में नेशनल हाईवे-130 पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। बांगो थाना क्षेत्र के चोटिया के पास हुए इस हादसे में एसईसीएल गेवरा एरिया के पूर्व महाप्रबंधक अरुण कुमार त्यागी का निधन हो गया। घटना उस समय हुई जब वे अपनी कार से सिंगरौली जा रहे थे। रास्ते में उनकी कार आगे चल रही एक पार्सल गाड़ी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अरुण त्यागी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, अरुण त्यागी को हाल ही में पदोन्नत कर तकनीकी निदेशक बनाया गया था और वे इसी नई जिम्मेदारी को संभालने के लिए सिंगरौली जा रहे थे। उनकी आकस्मिक मृत्यु से एसईसीएल परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि एक होनहार अधिकारी का इस तरह जाना अत्यंत पीड़ादायक है। बांगो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगा रही है कि टक्कर पार्सल वाहन की अचानक ब्रेक लगाने से हुई या कार की रफ्तार अधिक थी। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *