आसनसोल
पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजे आने के बाद आसनसोल के बराबनी क्षेत्र में हिंसा भड़क उठी है। यहां तृणमूल कांग्रेस के दो पार्टी कार्यालयों में उपद्रवियों ने जमकर तोड़फोड़ की और बाद में उन्हें आग के हवाले कर दिया। प्रभावित दफ्तरों में से एक सिटी बस स्टैंड के पास और दूसरा गोधुली मोड़ के पास स्थित है। टीएमसी नेताओं ने इस हमले के पीछे भाजपा कार्यकर्ताओं का हाथ होने का आरोप लगाया है।

सालानपुर थाना क्षेत्र के लेफ्ट बैंक इलाके में भी अज्ञात लोगों ने एक अन्य टीएमसी कार्यालय पर हमला कर नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और सुरक्षा के लिहाज से इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। शांति बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
वहीं बोलपुर में भी तनाव की स्थिति देखने को मिली। काउंटिंग सेंटर के बाहर जय श्री राम और जय बंगला के नारों को लेकर भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई। पुलिस की मौजूदगी में ही कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे पर हमला किया और कुर्सियां तोड़ दीं। इन घटनाओं ने राज्य में चुनावी नतीजों के बाद कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।