धनबाद. झारखंड के धनबाद जिले में स्थित भारत कोकिंग कोल लिमिटेड की मुनीडीह कोल वाशरी में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। ट्रक में कोयले की स्लरी लोडिंग के दौरान अचानक भारी मात्रा में मलबे के गिरने से वहां काम कर रहे कई ठेका मजदूर इसकी चपेट में आ गए। इस दर्दनाक घटना में अब तक चार मजदूरों के शव निकाले जा चुके हैं जबकि मलबे के नीचे और भी लोगों के दबे होने की गंभीर आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद खदान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल है और पीड़ित परिवारों में भारी शोक व्याप्त है।
जेसीबी से मलबा हटाने का काम जारी
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ की टीमें बचाव दल के साथ मौके पर पहुंच गई हैं। राहत और बचाव कार्य के लिए जेसीबी मशीनों का सहारा लिया जा रहा है ताकि स्लरी के विशाल ढेर को हटाकर दबे हुए लोगों तक पहुंचा जा सके। मुनीडीह ओपी क्षेत्र में हुए इस हादसे के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण भी सहायता के लिए जुटे हुए हैं। फिलहाल बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है और बीसीसीएल प्रबंधन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं ताकि हादसे के कारणों का पता लगाया जा सके।