विभिन्न योजनाओं से लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री साय से साझा किए अपने अनुभव

योजनाओं से मिले लाभ एवं उनके जीवन में आए बदलाव के बारे में बताया, मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया

अंबिकापुर/मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जब सिलमा गांव में जनचौपाल में ग्रामीणों से संवाद कर रहे थे। तब विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने मुख्यमंत्री से अपने अनुभव साझा करते हुए, उनका आभार व्यक्त किया। हितग्राहियों ने योजनाओं से मिले लाभ एवं उनके जीवन में आए बदलाव की कहानी सभी के समक्ष रखते हुए मुख्यमंत्री को धन्यवाद ज्ञापित किया।

लखपति दीदियों ने साझा किए अनुभव-
जनचौपाल में लखपति दीदी महिमा एक्का ने मुख्यमंत्री श्री साय को बताया कि वे बिहान स्वसहायता समूह से 2019 से जुड़ी हुई हूँ। मैंने समूह से 60 हजार का लोन लिया था, जिससे मैंने गांव में ही एक छोटा फूडकोर्ट शुरू किया, आज उस फूडकोर्ट के जरिए मैं अच्छी इनकम कर रही हूं। मेरी सालाना आय 2 से 2.5 लाख रुपए है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री साय का धन्यवाद देते हुए उनका आभार व्यक्त किया। वहीं लखपति दीदी संगीता तिर्की ने मुख्यमंत्री को बताया कि मैंने लोन ले के पोल्ट्री फार्म खोला है, 2 लाख रुपए तक वार्षिक आय हो जाता है। मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इसी तरह मेहनत करें आगे बढ़ें और करोड़पति बनें।
अर्चना तिग्गा ने बताया कि उनके पास खेती के लिए भूमि थी, लेकिन आर्थिक स्थिति ठीक नही थी। समूह से जुड़कर मैंने लोन लिया और सीजनल खेती करना शुरू किया। अभी एक एकड़ में मैंने खीरा लगाया है, जिससे अच्छी आमदनी हो रही है।

महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग आत्मनिर्भर हुई महिलाओं ने बताई अपनी कहानी-

मुख्यमंत्री श्री साय के चौपाल में महतारी वंदन से मिल रही सहायता पर ग्राम कुनकुरीकला की श्रीमती सनिता पैंकरा ने अपनी बात रखी। उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत मिली राशि का उपयोग बच्चों को पढाने में लगाती हूं। साथ ही घर का राशन और साग-सब्जी के लिए भी मैं पैसों का उपयोग करती हूँ। पहले मुझे छोटी-छोटी जरूरतों के लिए अपने पति से पैसे मांगने पड़ते थे, लेकिन अब महतारी वंदन योजना के कारण मुझे किसी और पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। मैं अपनी मर्जी से इन पैसों का उपयोग कर सकती हूँ। इसके लिए मुख्यमंत्री को मैं हृदय से धन्यवाद देती हूं।
वहीं हितग्राही सुनीता तिग्गा ने कहा कि मुझे महतारी वंदन योजना की राशि नियमित रूप से मिलती है। इन पैसों को इकट्ठा करके मैंने एक छोटी सी किराने की दुकान खोली है। पहले मैं बहुत परेशान थी, लेकिन अब दुकान की बचत से अपने घर-परिवार का खर्च चलाती हूं। उन्होंने महतारी वंदन योजना के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

प्रधानमंत्री आवास योजना राजेश और उनके परिवार के लिए खुशियों की सौगात लेकर आई-

प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही राजेश ने मुख्यमंत्री को बताया कि पहले उनका कच्चा घर था। बहुत परेशानी का सामना करना पड़ता था, बरसात में सबसे ज्यादा समस्या होती थी। प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ और 2025 में पक्का मकान बनकर तैयार हो गया। अब मैं पूरे परिवार के साथ खुशी-खुशी रहता हूं, आवास योजना हमारे लिए खुशियों की सौगात लेकर आई है। मुख्यमंत्री ने राजेश से अन्य योजनाओं से मिलने वाले लाभ के बारे में भी जानकारी ली।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि से सुरेश प्रसाद को खेती किसानी में मिली सहायता-

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राही सुरेश प्रसाद ने बताया कि योजना के तहत उन्हें सालाना 6 हजार रुपए मिल रहा है। अब उन्हें खेती कार्य के दौरान छोटी-छोटी जरूरतों को पूरा करने में परेशानी का सामना करना नहीं पड़ता है। किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिली राशि के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *