एआईटीए चुनाव: छत्तीसगढ़ के गुरुचरण सिंह होरा बने ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन के संयुक्त सचिव

नई दिल्ली।

ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) की चुनाव प्रक्रिया संपन्न हो गई है और सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। रिटर्निंग ऑफिसर सुरिंदर गोयल ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा की, जिसमें चिंतन पारिख को नया अध्यक्ष और सुंदर अय्यर को महासचिव चुना गया है।

छत्तीसगढ़ के लिए यह चुनाव बेहद खास रहा, क्योंकि छत्तीसगढ़ स्टेट टेनिस संघ के महासचिव गुरुचरण सिंह होरा को संयुक्त सचिव (पश्चिम) की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है। खेल जगत में इसे छत्तीसगढ़ की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। गुरुचरण सिंह होरा लंबे समय से खेल और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं। उनकी इस नियुक्ति से प्रदेश में टेनिस की गतिविधियों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

अन्य महत्वपूर्ण पदों पर दिनेश अरोड़ा को कोषाध्यक्ष और अनिल धूपर समेत आठ सदस्यों को उपाध्यक्ष चुना गया है। गुरुचरण सिंह होरा की इस उपलब्धि पर छत्तीसगढ़ टेनिस संघ के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने खुशी जाहिर की है और उन्हें बधाई दी है। एआईटीए के नए नेतृत्व से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले समय में देश में टेनिस का ढांचा और अधिक मजबूत होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *