सलडीह में लगा सुशासन तिहार का पहला शिविर
पिथौरा। प्रदेश सरकार द्वारा संचालित सुशासन तिहार के अंतर्गत पिथौरा जनपद के दूरस्थ ग्राम सलडीह में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के माध्यम से हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया तथा ग्रामीणों को शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
शिविर में जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे, उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल, जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सीताराम सिन्हा, जिला पंचायत सदस्य जगमोती भोई, सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा, सरपंच संघ के अध्यक्ष सतपाल सिंह छाबड़ा, जनपद सदस्य पुरुषोत्तम धृतलहरे, भारती अग्रवाल, कंवलजीत छाबड़ा, मथामणी बढ़ई, विधायक प्रतिनिधि हरप्रसाद पटेल, विधायक के निज सहायक नरेंद्र बोरे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार साहू, भाजपा सांकरा मंडल अध्यक्ष हलधर साव, सरपंच हेमंत ठाकुर, कमलेश डड़सेना, विजय चौधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहे।
जनपद अध्यक्ष ऊषा पुरुषोत्तम धृतलहरे ने अपने संबोधन में कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार बनने के बाद सुशासन की व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया गया है तथा सरकार का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविरों के माध्यम से प्रशासन सीधे गांव तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है, जिससे ग्रामीणों को भटकना नहीं पड़ रहा।
जनपद उपाध्यक्ष ब्रह्मानंद पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि इस प्रकार के जनसमस्या निवारण शिविर शासन और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाते हुए सत्ता का विकेंद्रीकरण किया जा रहा है, जिससे ग्रामीणों को अपने ही क्षेत्र में त्वरित समाधान मिल सके।
जिला पंचायत सदस्य रामदुलारी सीताराम सिन्हा ने अपने उद्बोधन में कहा कि शासन की योजनाएं अब सीधे गांव-गांव तक पहुंच रही हैं और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर ग्रामीणों के लिए अत्यंत उपयोगी है।
सांसद प्रतिनिधि मनमीत सिंह छाबड़ा ने अपने उद्बोधन में कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाएं आम जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही हैं। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक भी योजनाओं का लाभ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे जागरूक रहें, योजनाओं की जानकारी लें और अधिक से अधिक लाभ उठाएं।
अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा मनरेगा के 5 श्रमिकों को जॉब कार्ड वितरित किए गए। आजीविका मिशन के तहत 5 “लखपति दीदी” को सम्मान पत्र तथा 2 स्व-सहायता समूहों को 4 लाख रुपए का ऋण प्रदान किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा 2 दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग ने 7 गर्भवती महिलाओं को प्रोटीन किट वितरित की, वहीं राजस्व विभाग द्वारा स्वामित्व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में एसडीएम बजरंग वर्मा, तहसीलदार मनीषा देवांगन, जनपद सीईओ योगेश्वरी बर्मन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच-सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।