ICICI बैंक में 1.38 करोड़ का गबन, पति के साथ मिलकर ग्राहकों का सोना ले उड़ी डिप्टी मैनेजर

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में आईसीआईसीआई (ICICI) बैंक की मंगला शाखा में 1.38 करोड़ रुपये के बड़े गबन का मामला सामने आया है। बैंक की डिप्टी ब्रांच मैनेजर ने अपने पति के साथ मिलकर इस बड़ी साजिश को अंजाम दिया और ग्राहकों का सोना लेकर फरार हो गई।

घटना का खुलासा तब हुआ जब बैंक प्रबंधन ने दस्तावेजों और लॉकर की जांच की। जांच के दौरान गोल्ड लोन के पाउच में असली सोने के स्थान पर नकली आभूषण मिले। आरोपियों ने न केवल सोने की हेराफेरी की, बल्कि ग्राहकों की एफडी (FD) और निवेश खातों में भी बड़ी सेंध लगाई। फर्जी हस्ताक्षर के जरिए 87.95 लाख रुपये के 14 अवैध ट्रांजेक्शन किए गए। इसके अलावा, एक महिला ग्राहक की 30 लाख रुपये की एफडी पर बिना अनुमति ओवरड्राफ्ट लेकर 28.29 लाख रुपये निकाल लिए गए।

पुलिस जांच में पता चला है कि आरोपी महिला अधिकारी ग्राहकों को बैंकिंग सेवा देने के बहाने उनके घर जाती थी और वहां उनके मोबाइल ऐप का एक्सेस लेकर धोखाधड़ी करती थी। यह पूरा खेल अगस्त 2024 से सितंबर 2025 के बीच खेला गया। आरोपी डिप्टी मैनेजर और उसका पति 22 सितंबर 2025 से ही गायब हैं। बैंक मैनेजर की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने धोखाधड़ी और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *