गरियाबंद में भूकंप के झटके और आसमानी बिजली का कहर, एक बच्चे की जान गई

गरियाबंद

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के देवभोग क्षेत्र में लगातार भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। आज दोपहर करीब 2:20 बजे एक बार फिर धरती कांपने से लोगों में दहशत फैल गई। पिछले 36 घंटों के भीतर यह तीसरी बार है जब इलाके में भूकंप आया है। इससे पहले बीती रात और एक दिन पूर्व भी हल्की भूगर्भीय हलचल दर्ज की गई थी। हालांकि रिक्टर स्केल पर इनकी तीव्रता कम होने के कारण अब तक किसी जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन बार-बार हो रहे कंपन से ग्रामीण डरे हुए हैं और घरों से बाहर निकल आए हैं।

दूसरी तरफ जिले में खराब मौसम जानलेवा साबित हो रहा है। देवभोग थाना क्षेत्र के मुरगुडा गांव में आकाशीय बिजली गिरने से 13 वर्षीय बालक क्षीरसागर यादव की मौत हो गई। घटना के समय बच्चा घर के बाहर घूम रहा था, तभी वह बिजली की चपेट में आ गया। परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से हो रही तेज बारिश और बिजली गिरने की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को खराब मौसम में सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *